इंडिया के बाद इंग्लैंड में पृथ्वी शॉ को किस्मत ने दिया धोखा, अजीबोगरीब तरीके से हुए आउट, देखें Video
Prithvi Shaw: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज पृथ्वी शॉ वर्तमान में इंग्लैंड में नॉर्थम्पटनशायर के लिए खेल रहे हैं।चेल्टनहैम के कॉलेज ग्राउंड में ग्लॉस्टरशायर के खिलाफ पहले ग्रुप बी मैच के दौरान उन्होंने जब डेब्यू किया तो सोचा भी नहीं होगा कि इस तरह से आउट होकर पवेलियन लौटना होगा, क्योंकि शॉ जिस अजीबोगरीब तरीके आउट हुए हैं, उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
दरअसल, 23 वर्षीय शॉ वही बल्लेबाज हैं, जिन्होंने साल 2018 में भारत को अंडर-19 विश्व कप जीतने में अहम भूमिका निभाई, और फिर उसी साल अक्टूबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने टेस्ट डेब्यू में शतक जड़कर अपनी काबिलियत से सभी का परिचय कर दिया था।

हालांकि, ये अलग बात है कि स्टार बल्लेबाज पिछले दो साल से ज्यादा समय से भारतीय टीम से बाहर हैं। भारत के लिए उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच जुलाई 2021 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था, और इस साल की शुरुआत में उनका आईपीएल सीजन काफी खराब रहा था।
ऑफ सीजन में वह कुछ मैच खेलने के लिए इंग्लिश क्लब में शामिल हुए, लेकिन पहले मैच में अच्छी शुरुआत करने के बाद शॉ अजीबोगरीब तरीके से आउट हो गए। ग्लॉस्टरशायर के गेंदबाज पॉल वैन मीकेरेन ने दाएं हाथ के बल्लेबाज को बाउंसर फेंकी, जिससे वह अचंभित हो गए और अपना संतुलन खो बैठे, जिसके बाद वह जमीन पर गिर गए। इस दौरान उन्होंने अनजाने में अपने स्टंप्स को लात मार दी, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें आउट करार दिया गया।
नॉर्थम्पटनशायर ने सोमवार को ट्विटर के माध्यम से इंग्लिश काउंटी सर्किट में अपने पहले कार्यकाल के लिए शॉ के आगमन की घोषणा की थी। एक मीडिया विज्ञप्ति में शॉ के हवाले से कहा गया कि, 'यह मेरे लिए बहुत अच्छा अवसर है और मुझे मौका देने के लिए नॉर्थम्पटनशायर का वास्तव में आभारी हूं। मुझे लगता है कि यह अद्भुत होने वाला है, और मैं वास्तव में इसका इंतजार कर रहा हूं।'












Click it and Unblock the Notifications