World Cup 2023 से पहले वसीम जाफर ने बढ़ाई सेलेक्टर्स की टेंशन? सूर्यकुमार की जगह इस युवा खिलाड़ी का किया चयन
ICC ODI World Cup 2023: भारत की मेजबानी में 5 अक्टूबर से आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन होने जा रहा है। जिसका फाइनल 19 नवंबर को खेला जाएगा। इस बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर ने वनडे विश्व कप 2023 टीम में सूर्यकुमार यादव की जगह तिलक वर्मा को शामिल करने की वकालत की है।
एशिया कप 2023 में नेपाल के खिलाफ भारत के मैच से पहले ईएसपीएनक्रिकइंफो से बात करते हुए जाफर ने कहा कि सूर्यकुमार को वनडे फॉर्मेट में जो मौके दिए गए थे, उनमें वे आश्वस्त नहीं थे।

भारत की संभावित विश्व कप टीम के बारे में पूछे जाने पर, जाफर ने कहा कि यह कमोबेश वैसा ही होगा जैसा उन्होंने एशिया कप 2023 में किया था। उन्होंने दो बदलावों की सलाह दी और कहा कि प्रसिद्ध कृष्णा और सूर्यकुमार यादव शायद टीम में जगह नहीं बना पाएंगे।
वसीम जाफर ने कहा कि, 'तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव के बीच चयन करना कठिन होगा। मैं तिलक वर्मा को चुनूंगा, भले ही उन्होंने भारत के लिए बिल्कुल भी वनडे क्रिकेट नहीं खेला है, लेकिन वह किस तरह से बल्लेबाजी करते हैं और क्रिकेट खेलते हैं यह देखते हुए मुझे लगता है कि वह वनडे क्रिकेट के लिए एक दम फिट बैठते हैं।'
जाफर ने ईएसपीएनक्रिकइंफो पर कहा कि, 'सूर्यकुमार में काफी संभावनाएं हैं और कई मौके मिलने के बावजूद उन्होंने वनडे क्रिकेट के कोड को क्रैक नहीं किया है।'
एशिया कप में आज भारत बनाम नेपाल का मैच
वहीं एशिया कप में आज भारत और नेपाल के बीच टूर्नामेंट का पांचवां मैच खेला जा रहा है। नेपाल के खिलाफ टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। दोनों टीमों के बीच पहली बार कोई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेला जा रहा है। यह मैच जीतने वाली टीम सुपर चार में जगह बनाएगी। विजेता टीम का अगला मैच पाकिस्तान के खिलाफ होगा।












Click it and Unblock the Notifications