नेपाल के पास है रोहित और विराट से निपटने का प्लान? IND vs NEP मैच से पहले कप्तान ने किया बड़ा खुलासा
Asia Cup 2023, India vs Nepal: एशिया कप का मैच नंबर 5 सोमवार, 4 सितंबर को पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत (IND) और नेपाल (NEP) के बीच खेला जाएगा। कैंडी में मुकाबले से पहले नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल ने टीम इंडिया के खिलाफ खेलने के लिए अपनी टीम का उत्साह व्यक्त किया है और कहा कि उनके पास टीम के स्टार बल्लेबाजों, विराट कोहली और रोहित शर्मा से निपटने की योजना है।
सुपर-4 में क्वालीफाई करने के लिए जीतना होगा मैच
नेपाल के कप्तान ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को टीम का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी करार दिया है। पाकिस्तान ने नेपाल पर जीत और चिर प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ हार के बाद तीन अंकों के साथ सुपर-4 के लिए क्वालीफाई कर लिया, हालांकि, भारत को एक अंक से ही संतोष करना पड़ा है। अब भारत (1 अंक) और नेपाल (0 अंक) को सुपर फोर-4 में क्वालीफाई करने के लिए यह मैच जीतना होगा।

भारत के खिलाफ खेलने के लिए उत्साहित है नेपाल टीम
रविवार को मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान ने कहा कि, 'हम भारत के खिलाफ खेलने के लिए उत्साहित हैं। भारत एक बड़ा देश है। हम सबसे बड़े मंच पर भारत के खिलाफ नेपाल का प्रतिनिधित्व करने के लिए उत्साहित हैं।'
विराट और रोहित से निपटने की बनाई योजना
विराट कोहली और रोहित शर्मा से निपटने के बारे में पौडेल ने कहा कि, 'विराट और रोहित दस साल से अधिक समय से अपने देश के लिए स्टार क्रिकेटर रहे हैं। हमने उनसे निपटने की योजना बनाई है और उम्मीद है कि हम उन पर अमल करेंगे।' इसके साथ ही उन्होंने विराट को सभी के लिए 'प्रेरणा' करार दिया है।
कप्तान ने कहा कि, 'विराट हम सभी के लिए प्रेरणा हैं, न केवल अपनी कार्यशैली के लिए बल्कि मैदान के अंदर और बाहर अपने अनुशासन के लिए भी।' पहले मैच में पाकिस्तान से मिली करारी हार के बावजूद प्रशंसकों की प्रतिक्रिया पर पौडेल ने खुशी जताई और कहा कि प्रशंसक टीम के प्रति बेहद उत्साहवर्धक और सकारात्मक रहे हैं।
उन्होंने कहा कि, 'हमारे खिलाड़ी दो या तीन वर्षों से वास्तव में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। यही कारण है कि हम यहां हैं। पिछली दो तीन पीढ़ियों से हमारे सीनियर्स ने जो कोशिश की उसी के कारण हमें खेलने का यह मौका मिला है। कप्तान इस बात पर सहमत हुए कि भारत का मैच नेपाल टीम के लिए एक 'फैनबॉय मोमेंट' होगा क्योंकि मेन इन ब्लू में खेल के कई बड़े सुपरस्टार हैं। लेकिन मैदान पर, यह एक ऐसा खेल होगा जिसे हम दोनों जीतना चाहेंगे।
भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, शुबमन गिल, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या (उपकप्तान), रवींद्र जड़ेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, जसप्रित बुमराज, मोहम्मद शमी। मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन (ट्रैवलिंग रिजर्व)।
नेपाल टीम
रोहित पौडेल (कप्तान), कुशल भुरतेल, आसिफ शेख, भीम शर्की, कुशल मल्ला, आरिफ शेख, दीपेंद्र सिंह ऐरी, गुलशन झा, सोमपाल कामी, करण केसी, संदीप लामिछाने, ललित राजबंशी, प्रतीश जीसी, मौसम ढकाल, संदीप जोरा, किशोर महतो, अर्जुन साउद।












Click it and Unblock the Notifications