भारत को फाइनल में देख पाकिस्तानी पूर्व क्रिकेटर ने खोया आपा, इस गंभीर आरोप पर वसीम अकरम ने लगाई फटकार
IND vs AUS WC 2023 Final: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल मैच भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के बीच 19 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत ने पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को 70 रनों से हराकर क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में अपनी जगह बनाई है, लेकिन ये बात पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर सिकंदर बख्त को हजम नहीं हुई, इस बयान पर अब वसीम अकरम ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
सेमीफाइनल में विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने शतक बनाकर भारत के लिए मजबूत नींव रखी, मेजबान टीम ने बल्लेबाजी करने के बाद 397/4 का स्कोर बनाया। इसके बाद मोहम्मद शमी ने सात विकेट हासिल किए और डेरिल मिचेल के प्रभावशाली 134 और केन विलियमसन के 64 रन के बावजूद न्यूजीलैंड की टीम 327 रन पर आउट हो गई। जैसे ही क्रिकेट जगत ने भारतीय टीम की प्रशंसा की वैसे ही पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर सिकंदर बख्त ने सिक्का उछालने के बारे में अपने दावे से विवाद खड़ा कर दिया।

जियो न्यूज पर बातचीत के दौरान बख्त ने दावा किया कि भारत के कप्तान रोहित शर्मा टॉस जीतने के लिए जानबूझकर सिक्का दूर फेंक रहे थे।
बख्त को ऑन-एयर कहते हुए सुना गया कि, मैं एक सवाल कर रहा हूं अगर हम दिखा सके टॉस के वक्त। रोहित शर्मा जब टॉस करते हैं वो दूर फेंकते हैं और दूसरा कैप्टन जा के कभी नहीं देखता कि वो सही उसने कॉल किया। उन्होंने कहा कि, टॉस के समय रोहित शर्मा किसी भी विपक्षी कप्तान की सीमा से दूर सिक्का फेंकते हैं। इस प्रकार विपक्षी कप्तान जाकर क्रॉस-चेक नहीं कर सकता।'
हालांकि, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और महान तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने इस दावे को 'शर्मनाक' बताते हुए बख्त की जमकर आलोचना की। नाराज अकरम ने ए स्पोर्ट्स पर कहा कि, 'यह कौन तय करता है कि सिक्का कहां गिरना चाहिए? मैट सिर्फ प्रायोजन के लिए है! मुझे शर्मिंदगी महसूस होती है। मैं इस पर टिप्पणी भी नहीं करना चाहता।'
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोइन खान और शोएब मलिक ने भी अकरम की भावनाओं का समर्थन किया। पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज मोईन ने सुझाव दिया, 'वह गलत हैं, बस हंगामा खड़ा कर रहे हैं। हर कप्तान का सिक्का उछालने का तरीका अलग होता है।' निराश मलिक ने कहा, 'इस पर चर्चा भी नहीं की जानी चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications