वसीम अकरम ने सचिन तेंदुलकर से की शुभमन गिल की तुलना, बताया- विश्व क्रिकेट में भविष्य का सुपरस्टार
वसीम अकरम ने कहा कि शुभमन गिल से निपटना पावरप्ले के ओवरों में सचिन तेंदुलकर के खिलाफ गेंदबाजी करने के समान है। उन्होंने कहा कि, 'जब मैं गिल जैसे खिलाड़ी को गेंदबाजी करता हूं, तो लगता है जैसे सचिन को गेंदबाजी कर रहा हूं।'

Sports News: आईपीएल 2023 के 16वें सीजन में गुजरात टाइटंस (GT) के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के प्रदर्शन ने सभी को हैरान कर दिया। अहमदाबाद के पिच पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ क्वालीफायर-2 में उनका तूफानी प्रदर्शन देख क्रिकेट के भगवान माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने भी उनकी जमकर प्रशंसा की। इस बीच पाकिस्तान के दिग्गज तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने न सिर्फ शुभमन गिल की प्रशंसा की है, बल्कि सचिन तेंदुलकर और युवा खिलाड़ी की बल्लेबाजी में समानताएं भी बताई हैं।
गिल को बताया विश्व क्रिकेट के भविष्य का सुपरस्टार
दरअसल, अकरम को सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में से एक माना जाता है। उन्होंने गिल को विश्व क्रिकेट के भविष्य का सुपरस्टार बताया है। गिल इस साल बल्ले से अविश्वसनीय फॉर्म में रहे हैं और इस साल सभी फॉर्मेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। कम उम्र में उन्होंने सफेद और लाल गेंद दोनों फॉर्मेट में भारत की प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह पक्की कर ली है।
आईपीएल में गुजरात के लिए निभाई अहम भूमिका
आईपीएल में युवा खिलाड़ी ने गुजरात टाइटंस को लगातार दो सीजन के फाइनल में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने इस सीजन में बल्ले से अपने शानदार प्रदर्शन के लिए ऑरेंज कैप भी हासिल किया। अपने 17 मैचों में गिल ने 59.33 की शानदार बल्लेबाजी औसत से कुल 890 रन बनाए। उन्होंने टूर्नामेंट के दौरान तीन शतक लगाए।
शुभमन से निपटना पावरप्ले के ओवरों में सचिन के खिलाफ गेंदबाजी करने के समान
अकरम ने सुझाव दिया कि शुभमन से निपटना पावरप्ले के ओवरों में सचिन तेंदुलकर के खिलाफ गेंदबाजी करने के समान है। उन्होंने कहा कि, 'जब मैं गिल जैसे खिलाड़ी को गेंदबाजी करता हूं, यहां तक कि टी20 प्रारूप में भी, तो ऐसा लगता है जैसे मैं एक दिवसीय क्रिकेट में पहले 10 ओवर में सचिन तेंदुलकर को गेंदबाजी कर रहा हूं, जब केवल दो फिल्डर को अनुमति दी गई थी (30 गज के घेरे के बाहर)।
गिल को बताया विश्व क्रिकेट का भविष्य का सुपर स्टार
अकरम ने कहा आगे कहा कि, 'अगर मुझे जयसूर्या या कालुवितर्णा को गेंदबाजी करनी होती, तो मुझे पता था कि मेरे पास एक मौका है, मैं उन्हें आउट कर सकता हूं क्योंकि वे हर गेंद पर हिट करते हैं लेकिन, सचिन और गिल जैसे खिलाड़ी, वे उचित क्रिकेट शॉट खेलते हैं। मुझे लगता है कि वह इस तरह का खिलाड़ी है जो तीनों फॉर्मेट में निरंतर अच्छा प्रदर्शन कर सकता है। वह विश्व क्रिकेट का भविष्य का सुपर स्टार है।'
शुभमन जल्द ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के लिए खेलते नजर आएंगे। उनसे पारी की शुरुआत करने की उम्मीद की जाती है और लाल गेंद वाले क्रिकेट में आईपीएल से अपना फॉर्म जारी रखने के लिए भारत उन पर बहुत भरोसा करेगा।












Click it and Unblock the Notifications