'भारत को वर्ल्ड कप में हराएंगे ये 4 पाकिस्तानी खिलाड़ी,' वकार यूनिस ने किया बड़ा दावा
India vs Pakistan: भारत और पाकिस्तान के बीच स्पर्धा का इंतजार हर किसी को रहता है और दोनों देशों के बीच मुकाबला काफी तीव्र भी होता है। इस बार अक्टूबर में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में भी इन दोनों टीमों के बीच मुकाबला होना है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में यह मुकाबला खेला जाएगा।
पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर वकार यूनिस ने उन चार क्रिकेटरों का नाम बताया है, जो भारत के खिलाफ टीम को मैच जितवा सकते हैं। वकार के मुताबिक़ ये चार खिलाड़ी भारतीय टीम को हराने की क्षमता रखते हैं। पूर्व पाक खिलाड़ी ने बाबर आज़म, इमाम उल हक, शाहीन अफरीदी और फखर जमान का नाम लिया है।

वकार का मानना है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मैचों में खिलाड़ियों के ऊपर प्रेशर अब ज्यादा रहता है क्योंकि दोनों टीमें सिर्फ आईसीसी इवेंट्स में ही खेलती हैं। पहले ऐसा नहीं होता था। उन्होंने कहा कि यह मायने नहीं रखता कि आप कहां खेलते हैं, पाकिस्तान ने पिछले कुछ समय में प्रेशर अच्छी तरह झेला है।
पाकिस्तान क्रिकेट को दिए इंटरव्यू में वकार ने कहा कि हमारे पास मैच विनर खिलाड़ी हैं। इमाम अच्छी पारियां खेल रहे हैं। शाहीन और जमान चौंकाने की क्षमता रखते हैं और हमारे पास बाबर आजम भी हैं। मुख्य बात यह है कि इनको प्रेशर अच्छी तरह से हैंडल करता है।
पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी ने कहा कि हमारे समय में खिलाड़ी एक-दूसरे के खिलाफ खेलते रहते थे, इस वजह से ज्यादा दबाव नहीं होता था। अब दोनों टीमों के मुकाबले सिर्फ आईसीसी इवेंट्स में ही होते हैं। इस वजह से जब भी भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होता है, प्रेशर तीन गुना अधिक होता है।
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच इस साल वर्ल्ड कप में मुकाबला 15 अक्टूबर को अहमदाबाद में खेला जाना है। इसका शेड्यूल बदलकर 14 अक्टूबर को आयोजन कराने की बातें सामने आ रही हैं। हालांकि बीसीसीआई और आईसीसी की तरफ से अधिकारिक बयान नहीं आया है।












Click it and Unblock the Notifications