क्या वीरेंद्र सहवाग बनने जा रहे हैं BCCI के चीफ सिलेक्टर, पूर्व ओपनर ने खुद किया खुलासा
भारत के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने इस बात से इनकार किया है कि बीसीसीआई की ओर से उन्हें भारतीय पुरुष सीनियर क्रिकेट टीम का चीफ सिलेक्टर बनने के लिए अप्रोच किया गया है।
भारतीय क्रिकेट की सीनियर सिलेक्शन कमेटी के पूर्व चीफ चेतन शर्मा थे, जो इस साल फरवरी में स्टिंग ऑपरेशन के बाद अपनी नौकरी खो बैठे हैं। फिलहाल भारत के पूर्व टेस्ट ओपनर शिव सुंदर दास को अंतरिम चीफ सिलेक्टर बनाकर काम चलाया जा रहा है।

बीसीसीआई ने अब गुरुवार को सिलेक्टर की पोस्ट के लिए वैकेंसी निकाली है। माना जा रहा है इस पोस्ट के लिए चुना जाने वाला कैंडिडेट अगला चीफ सिलेक्टर होगा और इसके लिए वीरेंद्र सहवाग भी चर्चाओं में थे।
हालांकि बीसीसीआई के एक अधिकारी ने पहले ही साफ तौर पर कह दिया है कि वीरेंद्र सहवाग के कद के खिलाड़ी के लिए चीफ सिलेक्टर की पोस्ट पर उतना पारिश्रमिक नहीं है, जितना वे अपने निजी जीवन में कमा लेते हैं।
हालांकि यह बात भी हुई थी कि बीसीसीआई भारत के बड़े पूर्व खिलाड़ियों को आकर्षित करने के लिए चीफ सिलेक्टर को मिलने वाले वेतन में वृद्धि कर सकता है। अगर ऐसा तुरंत प्रभाव से किया जाता है तो वीरेंद्र सहवाग जैसे कद के खिलाड़ी को भी चीफ सिलेक्टर की पोस्ट पर बैठे देखना हैरानी की बात नहीं होनी चाहिए।
हालांकि, टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार वीरेंद्र सहवाग का कहना है कि अभी तक उन्हें किसी ने सिलेक्टर चीफ की पोस्ट पर अप्लाई करने के लिए नहीं कहा है। इस बात की चर्चा की थी कि बीसीसीआई ने वीरेंद्र सहवाग से मुख्य चयनकर्ता के पद पर आवेदन करने के लिए कहा था।
इस पोस्ट के लिए बीसीसीआई ने कुछ नियम शर्ते तय की हैं, जिनके तहत कोई कैंडिडेट चीफ सिलेक्टर की पोस्ट के लिए अप्लाई कर सकता है जिसके लिए उसका संन्यास कम से कम 5 साल पहले हो जाना चाहिए। उसको कम से कम 10 टेस्ट या 30 फर्स्ट क्लास मैच, 10 वनडे इंटरनेशनल या 20 फर्स्ट क्लास मैच का अनुभव होना चाहिए।
इस पोस्ट पर अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 जून है और नए चीफ सिलेक्टर से बीसीसीआई को काफी उम्मीदें होंगी, क्योंकि टीम इंडिया इस समय ट्रांजेशन के दौर से गुजर रही है, जहां अलग-अलग फॉर्मेट में अलग कप्तानों की नियुक्ति भी की जा सकती है। हार्दिक पांड्या को पहले ही T20 की कमान दे रखी है। साथ ही नए चीफ को बदलाव के दौर में एक मजबूत बेंच स्ट्रैंथ पर भी काम करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications