बेंगलुरु में विराट कोहली का मैच, स्टेडियम में एंट्री मिलेगी या बंद रहेंगे दरवाजे? मुकाबला शिफ्ट करने की आई खबर
Virat Kohli: विराट कोहली के 'दूसरे घर' यानी बेंगलुरु में उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलते देखने की उम्मीद लगाए बैठे हजारों फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में विजय हजारे ट्रॉफी के मैच को लेकर फैन्स को निराशा होगी। स्टेडियम में जाने का मौका उनको नहीं मिल पाएगा।
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के लिए विराट कोहली और ऋषभ पंत जैसे सितारों की मौजूदगी ने बेंगलुरु के एम। चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारी उत्साह पैदा कर दिया था, लेकिन अब सुरक्षा कारणों से सरकार ने एक चौंकाने वाला फैसला लिया है।

ताजा अपडेट के अनुसार, चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले इन हाई-प्रोफाइल मुकाबलों के दौरान दर्शकों की एंट्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। यानी विराट कोहली मैदान पर चौके-छक्के तो लगाएंगे, लेकिन स्टेडियम की सीटें पूरी तरह खाली रहेंगी।
इस सख्त फैसले के पीछे की सबसे बड़ी वजह सुरक्षा व्यवस्था और स्टेडियम की वर्तमान स्थिति है। दरअसल, जून में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत के जश्न के दौरान शहर में हुई भगदड़ और दुखद घटनाओं के बाद से ही चिन्नास्वामी स्टेडियम की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
Virat Kohli की लोकप्रियता से बिगड़ सकती है व्यवस्था
कर्नाटक सरकार और स्थानीय पुलिस प्रशासन का मानना है कि विराट कोहली की लोकप्रियता के कारण स्टेडियम के बाहर अनियंत्रित भीड़ जमा हो सकती है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। हालांकि कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) ने कम से कम दो स्टैंड खोलने की अनुमति मांगी थी, ताकि फैंस अपने चहेते सितारों को देख सकें, लेकिन गृह विभाग ने सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए इसे नामंजूर कर दिया है।
सालों बाद खेल रहे Virat Kohli
प्रशंसकों के लिए यह खबर किसी झटके से कम नहीं है, क्योंकि वे सालों बाद कोहली को घरेलू जर्सी में अपने शहर में देखने का इंतजार कर रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अब इन मैचों को चिन्नास्वामी के बजाय 'बेंगलुरु सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' (BCE) जैसे वैकल्पिक मैदानों पर भी शिफ्ट किया जा सकता है, जहाँ सुरक्षा प्रबंध करना तुलनात्मक रूप से आसान हो। शिफ्ट को लेकर रिपोर्ट्स आ रही हैं लेकिन आधिकारिक तौर पर कुछ भी सामने नहीं आया है।
फैंस के पास अब लाइव देखने का विकल्प
ऐसे में अब फैंस के पास केवल लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए ही विराट कोहली की बल्लेबाजी का लुत्फ उठाने का विकल्प बचा है। सरकार के इस कड़े फैसले ने उन लोगों को मायूस कर दिया है जिन्होंने कोहली की वापसी के लिए पहले से ही तैयारियां कर रखी थीं।












Click it and Unblock the Notifications