'आगे बढ़ो और...,' शुभमन गिल के पहले IPL शतक पर विराट कोहली ने बधाई के साथ दिया खास संदेश
IPL 2023: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ शतक लगाने के बाद शुभमन गिल को दिग्गजों द्वारा खूब बधाई दी जा रही हैं। इस क्रम में विराट कोहली ने भी गिल को खास संदेश भेजा है।

Shubman Gill: टीम इंडिया और गुजरात टाइटंस (GT) के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल आईपीएल (IPL) में लगातार रनों की बरसात कर रहे हैं। गिल ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ शानदार शतक ठोका, जिसके बाद से दिग्गजों के रिएक्शन आने लगे हैं। इस क्रम में स्टार क्रिकेटर विराट कोहली (Virat Kohli) ने भी शुभमन की पारी की जमकर प्रशंसा की है।
गुजरात टाइटंस के युवा बल्लेबाज ने 15 मई को आईपीएल करियर का अपना पहला शतक लगाया। गिल (Shubman Gill) ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में एसआरएच के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने 58 गेंदों पर 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 101 रन बनाए, जिससे टाइटंस ने नौ विकेट पर 188 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
रिद्धिमान साहा के डक पर आउट होने के बाद गिल और साई सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए 13.4 ओवर में 147 रन जोड़कर जीटी को खेल में वापस ला दिया। इस दौरान गिल ने जो प्रदर्शन किया उसके लिए कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी खुद को उनकी तारीफ करने से नहीं रोक सके।
आगे बढ़ो और अगली पीढ़ी का नेतृत्व करो- विराट कोहली
कोहली ने कहा कि शुभमन अपने ब्रांड क्रिकेट के साथ युवा पीढ़ी के लिए एक रोडमैप तैयार कर सकते हैं। कोहली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शुभमन की तस्वीर के साथ उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। कोहली ने गिल को टैग करते हुए लिखा, 'सबसे पहले होती क्षमता है और उसके बाद आते हैं गिल। आगे बढ़ो और अगली पीढ़ी का नेतृत्व करो। भगवान आपका भला करे शुभमन गिल।'

दरअसल, संयोग की बात ये है कि शुभमन का आईपीएल डेब्यू भी एसआरएच के खिलाफ हुआ था और अब उनका शतक भी एसआरएच के खिलाफ ही आया है। गिल ने इस मौके पर कहा कि, 'मेरा आईपीएल डेब्यू SRH के खिलाफ था, अब मेरा IPL शतक उनके खिलाफ है। उम्मीद है कि मैं इस सीजन में और शतक लगाऊंगा। मैं उस तरह का इंसान नहीं हूं जो अपनी आखिरी पारी के बारे में ज्यादा सोचता है। फोकस इस बात पर है कि फिलहाल क्या जरूरत है। सबसे संतोषजनक क्षण अभिषेक को छक्का मारना था क्योंकि वह मेरा बचपन का दोस्त है।'
गिल की शानदार पारी के दम पर टाइटंस प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। उन्होंने शीर्ष दो में भी अपनी जगह पक्की कर ली, जिसका अर्थ है कि वे उन दो टीमों में से एक हैं, जो क्वालीफ़ायर 1 में खेलेंगी। शुभमन के लिए आईपीएल 2023 शानदार गुजर रहा है। उन्होंने अब तक 13 मैचों में 48 की औसत से 576 रन बनाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications