शोएब अख्तर ने विराट कोहली को दी टी20 फॉर्मेट से संन्यास लेने की सलाह, जानिए क्यों?
शोएब अख्तर ने स्पोर्ट्स तक से बात करते हुए कहा है कि विराट कोहली को टी20 फॉर्मेट से संन्यास लेकर वनडे और टेस्ट क्रिकेट पर ध्यान देना चाहिए।

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली इस वक्त तीनों फॉर्मेट में अपना फॉर्म हासिल कर चुके हैं। हाल ही में उन्होंने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के आखिरी टेस्ट में 3 साल के लंबे अंतराल के बाद शतक लगाया है। विराट अभी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं, जहां अभी तक उनके बल्ले से कोई बड़ी पारी नहीं आई है। ऐसे में पूर्व पाकिस्तानी गेंदबाज शोएब अख्तर ने विराट को एक अहम सलाह दी है। शोएब अख्तर का कहना है कि एक क्रिकेटर के रूप में विराट कोहली को वनडे और टेस्ट फॉर्मेट पर अपना ज्यादा देना चाहिए और इसके लिए उन्हें टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले लेना चाहिए।
क्या कहा है शोएब अख्तर ने?
शोएब अख्तर ने स्पोर्ट्स तक के साथ बातचीत में कहा है, "एक क्रिकेटर के रूप में, अगर आप मुझसे पूछेंगे तो मैं यही कहूंगा कि विराट को केवल टेस्ट और वनडे फॉर्मेट पर ही ध्यान देना चाहिए और टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले लेना चाहिए, क्योंकि टी20 मैच में विराट की एनर्जी बहुत निकलती है, वो उस फॉर्मेट में काफी एक्साइटेड नजर आते हैं। कोहली को टी20 फॉर्मेट पसंद है और वो वहां और समय बिताना चाहते हैं, लेकिन इस वक्त उन्हें अपनी बॉडी और अपनी फिटनेस को बचाने की जरूरत है। विराट अभी 34 साल के हैं और मौजूदा फिटनेस को देखते हुए 6-8 साल तक खेल सकते हैं। इस दौरान उन्होंने अगर 30-50 के बीच में टेस्ट मैच खेल लिए तो वो सचिन के 100 शतक के रिकॉर्ड को ब्रेक कर सकते हैं।"
विराट को 100 शतक के बारे में सोचना चाहिए- अख्तर
शोएब अख्तर ने आगे कहा है कि विराट कोहली वनडे और टेस्ट में 25 शतक और आसानी से मार सकते हैं, लेकिन इसके लिए वो टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले सकते हैं। अख्तर ने कहा कि यह देखना अहम होगा कि वो अपनी फिटनेस और मेंटल हेल्थ का कैसे ध्यान रखते हैं, वो वैसे तो बहुत ही खुशमिजाज इंसान हैं और अपनी फिटनेस बहुत अच्छे से ध्यान रखते हैं, अभी वो क्रिकेट का लुत्फ उठा रहे हैं। ऐसे में उन्हें अपने 100 इंटरनेशनल शतक के बैरियर पर फोकस करना चाहिए।
एशिया कप 2022 के बाद से कोहली को मिला फॉर्म
आपको बता दें कि विराट कोहली ने हाल ही में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के आखिरी टेस्ट मैच में 186 रन की पारी खेली थी। कोहली की इस पारी के बावजूद यह टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था, लेकिन भारत ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया था। कोहली ने इससे पहले जनवरी 2023 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में शतक लगाया था और उससे पहले विराट ने एशिया कप 2022 में अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में शतक जड़कर अपना फॉर्म हासिल किया था। इसके बाद विराट कोहली टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications