Virat Kohli ने एबी डिविलियर्स और धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा, इस मामले में सचिन तेंदुलकर से भी निकले आगे
Virat Kohli World Record: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने साल 2025 को शानदार अंदाज में खत्म किया है। साल 2025 में खेले गए अपने अंतिम वनडे सीरीज में विराट कोहली प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विशाखापत्तनम में हुए निर्णायक वनडे मैच में कोहली ने सिर्फ 46 गेंदों पर 65 रनों की शानदार पारी खेलकर भारत को नौ विकेट से बड़ी जीत दिलाई।
कोहली ने एक साथ तोड़े कई रिकॉर्ड (Virat Kohli World Record)
कोहली ने इस सीरीज़ में लगातार रन बरसाने का काम किया। उन्होंने तीन मैचों की सीरीज में कुल 302 रन बनाए, जिसमें पहले दो मैचों में 135 और 102 रनों के शतक शामिल थे। उनका 302 रनों का यह आंकड़ा तीन या उससे कम मैचों की सीरीज़ में उनके करियर का सबसे बड़ा टोटल है। यही नहीं इस सीरीज में उन्होंने 12 छक्के भी जड़े, जो कि किसी भी वनडे सीरीज या टूर्नामेंट में 10 से अधिक छक्के लगाने का उनका पहला मौका है, उन्होंने अपना पिछला सर्वश्रेष्ठ (9 छक्के) का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

डिविलियर्स के रिकॉर्ड को छोड़ा पीछे
विराट कोहली ने साल 2025 में वनडे क्रिकेट में कुल 651 रन बनाए, जो इस साल किसी भी भारतीय बल्लेबाज़ द्वारा बनाए गए सबसे ज़्यादा रन हैं। विराट कोहली ने विशाखापत्तनम के मैदान पर 600 से अधिक (652) रन बनाए हैं, और यहां उनका औसत 108.66 का है। यह दुनिया में किसी भी बल्लेबाज़ का एक मैदान पर 600+ रन बनाने और 100+ का औसत रखने का इकलौता उदाहरण है। इस रिकॉर्ड के साथ उन्होंने महान एबी डिविलियर्स के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
धोनी और सचिन से भी निकले आगे
साल 2025 में 65.10 की शानदार औसत से 652 रन बनाने के बाद यह छठी बार है जब कोहली ने एक साल में 500 से अधिक रन 60+ के औसत से बनाए हैं। उन्होंने इस मामले में एम एस धोनी (4 बार) को पीछे छोड़ दिया है। कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 22वीं बार 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' या 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का पुरस्कार जीता है, जिससे उन्होंने सचिन तेंदुलकर (20 पुरस्कार) के रिकॉर्ड पर अपनी बढ़त बढ़ा दी है। वनडे सीरीज में यह 12वीं बार है जब उन्हें POTS से नवाजा गया है।













Click it and Unblock the Notifications