Shams Mulani: इस मुस्लिम क्रिकेटर ने पिच पर नारियल फोड़कर की थी पूजा, अब विजय हजारे में किया दमदार प्रदर्शन
Vijay Hazare Trophy, Shams Mulani: विजय हजारे ट्रॉफी के एक रोमांचक मुकाबले में मुंबई ने दमदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ को 9 विकेट से हरा दिया। जयपुरिया विद्यालय ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में मुंबई के कप्तान शार्दुल ठाकुर और स्पिनर शम्स मुलानी की जोड़ी ने गजब की गेंदबाजी करने का काम किया। इस दमदार बॉलिंग का विपक्षी टीम के पास कोई जवाब नहीं था।
शार्दुल ने13 रन देकर झटके 4 विकेट (Vijay Hazare Trophy, Shams Mulani)
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का मुंबई का फैसला सही साबित हुआ। शार्दुल ठाकुर ने अपने पहले ही स्पेल में छत्तीसगढ़ के ऊपरी क्रम की कमर तोड़ दी। शार्दुल ने पारी के पहले ही ओवर में सलामी बल्लेबाज अनुज तिवारी (0) और मयंक वर्मा (3) को पवेलियन भेज दिया। शार्दुल यहीं नहीं रुके, उन्होंने अपने अगले दो ओवरों में आशुतोष सिंह और संजीत देसाई के अहम विकेट चटकाए।

शम्स मुलानी ने भी किया कमाल
छत्तीसगढ़ की टीम महज 4.2 ओवरों में 10 रन पर 4 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। शार्दुल ने अपने स्पेल में 5 ओवर फेंके, 1 मेडन रखा और केवल 13 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। यह उनके लिस्ट-ए करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। शुरुआती झटकों के बाद अजय मंडल (46) और अमनदीप खरे ने छत्तीसगढ़ को संभालने की कोशिश की और स्कोर को 100 के पार ले गए। लेकिन इसके बाद बाएं हाथ के स्पिनर शम्स मुलानी का जादू चला।
मुंबई ने 9 विकेट से जीता मैच
मुलानी ने इस साझेदारी को तोड़ते हुए छत्तीसगढ़ के मध्य और निचले क्रम को पूरी तरह साफ कर दिया। मुलानी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 9.1 ओवर में 31 रन देकर 5 विकेट झटके। यह उनके लिस्ट-ए क्रिकेट करियर का पहला 'फाइव विकेट हॉल' है। इन दोनों की घातक गेंदबाजी की बदौलत छत्तीसगढ़ की पूरी टीम 38.1 ओवर में महज 142 रनों पर सिमट गई। जिसे मुंबई ने एक विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।
हिन्दू रीति रिवाजों से की थी विकेट की पूजा
मुलानी कांगा लीग में विकेट की पूजा की थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस लीग में मुंबई के लोकल क्रिकेट क्लब खेलते हैं। शम्स मुलानी मुस्लिम परिवार से आते हैं, उन्होंने कांगा लीग की शुरुआत विकेट्स और पिच की पूजा के साथ की। वह पहले पिच पर बैठे, मिठाई लाए, फूल इत्यादि चढ़ाए और फिर विकेट के सामने नारियल फोड़कर उसके पानी को विकेट्स पर छिड़कने का काम किया। जिसके बाद उनकी जमकर तारीफ की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications