Video: 'ऐसे बॉल डालेंगे तो रन कैसे बनाउंगा!' वैभव सूर्यवंशी के IPL डेब्यू के बीच छा गया एक और नन्हा स्टार
आईपीएल 2025 के ऑक्शन में जब 14 साल के वैभव सूर्यवंशी को राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा था, तभी से फैंस को इंतजार था कि ये छोटा पैकेट बड़ा धमाका कब करेगा। और आखिरकार 19 अप्रैल का दिन वो पल लेकर आया, जब इस होनहार खिलाड़ी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ डेब्यू किया। इस बीच अब एक और नन्हें स्टार का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।
मैदान पर बतौर इम्पैक्ट प्लेयर उतरे वैभव ने अपनी पहली ही गेंद पर शार्दुल ठाकुर को शानदार छक्का जड़ा- और स्टेडियम की हवा बदल दी। इसके बाद आवेश खान को भी बड़े शॉट्स का स्वाद चखाया। कुल 20 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्के की मदद से 34 रन बनाए, और वो भी 170 के स्ट्राइक रेट से!

हालांकि आखिर में ऋषभ पंत की स्टंपिंग ने उनकी धमाकेदार पारी पर ब्रेक लगाया- लेकिन जब वो पवेलियन लौटे, तो आंखें नम थीं। शायद वो ये मैच हमेशा याद रखेंगे और फैंस भी।
सोशल मीडिया पर चमका एक और नन्हा स्टार
वैभव की इस कहानी के बीच सोशल मीडिया पर एक और नन्हा क्रिकेटर चर्चा में आ गया। उम्र होगी मुश्किल से 8-9 साल, लेकिन उसके दिल की बात ने लाखों क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया।
एक वायरल वीडियो में ये बच्चा बोल्ड होकर पवेलियन लौट रहा होता है। हल्के मायूस चेहरे पर जब कोई उससे पूछता है कि आउट होकर कैसा लगा? अगली बार कितने रन बनाओगे? तो वो तुरंत कहता है कि 'अब ऐसे बॉल डालोगे तो मैं रन कैसे बनाऊंगा?'
उसके बाद वो मासूमियत से कहता है कि 'आउट होने के बाद बुरा तो लगता है। अब अगली बार कितने रन बनेंगे पता नहीं, लेकिन ऐसी बॉलिंग होगी तो रन बनाना मुश्किल है।'
क्रिकेट सिर्फ स्कोर नहीं, इमोशन है - उम्र चाहे जो भी हो
ये छोटा सा वीडियो और उसकी मासूम लाइन, हर क्रिकेट फैन के चेहरे पर मुस्कान ले आई। चाहे वैभव जैसा उभरता स्टार हो या ये नन्हा गली क्रिकेटर- क्रिकेट का जुनून, जज़्बा और जादू उम्र नहीं देखता।












Click it and Unblock the Notifications