वैभव सूर्यवंशी ने ऑस्ट्रेलिया में मचाया कोहराम, 78 गेंदों में शतक जड़ बनाया धांसू कीर्तिमान
Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी जहां भी खेलते हैं, तबाही वाला मूड ही दिखाते हैं। उनको इससे फर्क नहीं पड़ता कि मैच टी20 है या टेस्ट, उनका बल्ला हर फॉर्मेट में बराबर बोलता है। ऑस्ट्रेलिया में यूथ टेस्ट के दौरान सूर्यवंशी ने धमाकेदार अंदाज में सैकड़ा जड़कर एक बार फिर से खुद को साबित कर दिया।
सूर्यवंशी ने बुधवार को एक नया कीर्तिमान रचते हुए ब्रिस्बेन के इयान हीली ओवल में भारत U19 और ऑस्ट्रेलिया U19 के बीच पहले युवा टेस्ट के दूसरे दिन सिर्फ 78 गेंदों में शानदार शतक लगाया। ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों को कुछ समझ नहीं आया कि उनको कैसे रोका जाए।

सूर्यवंशी ने दो गेंदों में लगातार छक्का और चौका जड़कर 78 गेंदों में शतक जमा दिया, यूथ टेस्ट में यह दूसरी तेज शतकीय पारी है। उनके अलावा आयुष म्हात्रे ने 64 गेंदों में सैकड़ा जमाया था। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए यह कारनामा किया था।
सूर्यवंशी का धांसू रिकॉर्ड
14 वर्षीय सूर्यवंशी का यह शतक ऑस्ट्रेलियाई ज़मीन पर किसी भी बल्लेबाज़ द्वारा युवा टेस्ट में लगाया गया सबसे तेज़ शतक भी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के लियाम ब्लैकफोर्ड के नाम था, जिन्होंने जनवरी 2023 में इंग्लैंड U19 के खिलाफ 124 गेंदों में शतक पूरा किया था।
सूर्यवंशी ऑस्ट्रेलिया में यूथ टेस्ट खेलते हुए सैकड़ा जड़ने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी हैं। उनकी उम्र 14 साल 188 दिन है, उनसे पहले ऐसा कारनामा इस उम्र में किसी ने नहीं किया था। इसी वाल वह यूथ टेस्ट में 15 से कम उम्र में फिफ्टी और विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी बने थे।
मैकलम की भी कर ली है बराबरी
सूर्यवंशी ने पुरुषों के अंडर-19 टेस्ट में 100 से कम गेंदों में दो शतक लगाने के मामले में न्यूजीलैंड के दिग्गज ब्रेंडन मैकलम की बराबरी भी कर ली है। सूर्यवंशी हर इवेंट में धमाका कर रहे हैं, इसी साल आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उनका तूफ़ान देखने को मिला था।












Click it and Unblock the Notifications