उमरान मलिक की गेंदबाजी को लेकर इशांत शर्मा ने दिया हैरान करने वाला बयान
उमरान मलिक तेज गति से गेंदबाजी करते हैं, कई बार उनकी लाइन और लेंथ पर असर पड़ता है। इशांत शर्मा ने इस पर बयान दिया है

Ishant Sharma on Umran Malik: भारतीय टीम में उमरान मलिक जैसे तूफानी गेंदबाज के आने से गति को नई धार और दिशा मिली। हालांकि उमरान मलिक अभी ज्यादा नहीं खेले हैं लेकिन प्रभावित जरुर किया है। कई बार ऐसा भी देखा गया है कि वह गति के प्रयास में दिशा खो बैठते हैं। इशांत शर्मा ने उनकी इस परेशानी को लेकर एक अहम बयान दिया है। इशांत शर्मा ने कहा है कि उमरान मलिक को अपनी गति के ऊपर पूरा ध्यान देना चाहिए। लाइन और लेंथ को लेकर इशांत ने चौंकाने वाला बयान दिया है।
क्रिकबज के शो में इशांत शर्मा ने कहा कि उमरान मलिक को यह नहीं देखना चाहिए कि उनकी गेंद कहां गिर रही है। अनुभव के साथ वह सीख जाएंगे। वह 150 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर सकते हैं, तो उनको उसके ऊपर ही ध्यान देना चाहिए। रन रहे हैं, तो उधर ध्यान नहीं देना चाहिए। अगर बल्लेबाज आपका सामना करते हुए डर के मारे आँखे बंद नहीं करे, तो तेज गति का कोई फायदा नहीं है।
इशांत ने आगे कहा कि उमरान को यह समझाने की आवश्यकता है कि तेज गेंदबाजी करो ताकि बल्लेबाज गेंद देख ना पाए। इशांत शर्मा का कहना था कि उमरान मलिक को आत्मविशवास दिलाने की जरूरत है कि आप तेज गति से गेंद करने की तरफ ही ज्यादा फोकस रखो।
गौरतलब है कि शोएब अख्तर ने भी मलिक की गेंदबाजी को लेकर प्रतिक्रिया दी थी। शोएब अख्तर ने कहा था कि जब उमरान 26 यार्ड से गेंदबाजी करेंगे तो उनकी अलग तरह की मसल्स होंगी। वह समय के साथ इन सब चीजों को सीख जाएंगे। अभी वह 20 यार्ड से गेंदबाजी करते हैं। अख्तर ने यह भी कहा कि सबसे तेज गेंद का मेरा रिकॉर्ड बीस साल से बरकरार है और इसे अगर कोई तोड़ता है तो अच्छा है। मुझे ख़ुशी होगी और मैं उनको गले लगा लूंगा।
शोएब अख्तर ने यह भी कहा था कि उमरान मलिक निडर होकर गेंदबाजी करते हैं। उनका रनअप भी काफी ताकतवर है। उनको विकेट लेने की कला सीखनी है। अगर आपको रन भी पड़ते हैं, तो स्पीड और आक्रामक रवैया नहीं छोड़ना चाहिए। हमेशा तेज गति से गेंद डालना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications