ऑस्ट्रेलिया के एक मैच में शॉट के बाद गेंद मैदान में ही गिरी लेकिन अंपायर ने दिया छक्का, वीडियो तेजी से वायरल
बिग बैश लीग टूर्नामेंट के दौरान ऐसा देखने को मिला। शॉट के बाद गेंद स्टेडियम की छत से टकराकर मैदान पर गिर गई।

Ball touches roof and Six in BBL: क्रिकेट में गेंद सीधा बाउंड्री लाइन की रस्सी को पार करती है तो इसे छक्का माना जाता है। अंपायर 6 रनों का इशारा करता है। हर मैच में कुछ ऐसा ही देखने को मिलता है लेकिन इस बार कुछ अलग ही नजारा दिखा है। बिग बैश लीग के एक मुकाबले में छत वाले स्टेडियम में एक अजीब फैसला आया है। मेलबर्न के डॉकलैंड्स स्टेडियम में मैदान के ऊपर भी छत लगी हुई है। एक बल्लेबाज का शॉट इस छत से टकरा जाता है और अंपायर बल्लेबाज के खाते में 6 रन जोड़ने का इशारा करते हुए इसे छक्का करार देता है। ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि इस स्टेडियम के लिए अलग नियम बनाया गया है।

जो क्लार्क ने जड़ा था हवाई शॉट
बिग बैश लीग में मेलबर्न स्टार्स के लिए खेलते हुए बल्लेबाज जो क्लार्क ने मेलबर्न रेनेगेड्स के गेंदबाज विल सदरलैंड की गेंद को हवा में खेल दिया। काफी ऊंची जाने के बाद के गेंद मैदान पर लगी हुई छत से टकराकर वापस जमीन पर गिर गई। उम्मीद तो यही की जा रही थी कि शायद यह डेड बॉल होगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अंपायर ने 6 रनों का इशारा करते हुए अपने दोनों हाथ हवा में खड़े कर दिए। इस तरह जो क्लार्क के खाते में छक्का जुड़ गया। हालांकि यह थोड़ा हैरान करने वाला फैसला था लेकिन नियमों के तहत ही ऐसा किया गया था।

क्या है इसके पीछे बना हुआ नियम
बिग बैश लीग में डॉकलैंड्स स्टेडियम को लेकर एक अलग नियम है। पूरा स्टेडियम छत से ढका हुआ है, इस वजह से अगर बल्लेबाज का शॉट छत से टकराता है तो इसे छक्का माना जाता है। आमतौर पर देखा जाता है कि मैदान के ऊपर से गुजरते हुए स्पाइडर कैम से अगर कोई गेंद टकराती है तो इसे डेड बॉल करार दिया जाता है मगर यहां ऐसा नहीं है। इस स्टेडियम में सिर्फ बिग बैश लीग के मैचों के दौरान ही यह नियम लागू होता है।

यह नियम क्यों बनाया गया था
बिग बैश लीग में डॉकलैंड्स स्टेडियम के लिए यह नियम भी एक वजह से बनाया गया था। पहले इस मैदान की छत से गेंद टकराने पर इसे डेड बॉल करार दिया जाता था। एक रिपोर्ट के अनुसार 2012 में आरोन फिंच का एक बड़ा शॉट स्टेडियम की छत से टकरा गया था और गेंद को डेड बॉल करार दिया गया था, इसके बाद फैंस काफी नाराज हो गए और नियम को बदलने की मांग की गई। यहां से नियम को बदलते हुए डेड बॉल की जगह छत से टकराने वाली गेंद पर छक्का दिया जाने लगा। इससे पहले भी साल 2018 में कुछ ऐसा ही देखने को मिला था। एश्टन टर्नर ने डैन क्रिस्टियन की गेंद पर शॉट जड़ा था जो स्टेडियम की छत से टकरा गया था और बल्लेबाज को छह रन मिले थे।












Click it and Unblock the Notifications