Umesh Yadav के दोस्त ने धोखाधड़ी कर हड़प लिए 44 लाख, पुलिस के सामने छलका क्रिकेटर का दर्द
Umesh Yadav News: बांग्लादेश के खिलाफ अपनी गेंदबाजी से टेस्ट सीरीज में भारत को जीत दिलाने वाले उमेश यादव के साथ ठगी का मामला सामने आया है।

Umesh Yadav News: भारतीय तेज गेंदबाज उमेश यादव भारत के लिए टेस्ट मुकाबलों में अहम रोल निभाते हैं। नई गेंद के साथ टेस्ट मैच में वह अपनी शानदार गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। उमेश यादव ने मेंहदी हसन मिराज की गेंद पर 100 मीटर लंबा छक्का जड़कर बांग्लादेश के खिलाफ जमकर सुर्खियां बटोरी थी। लेकिन मौजूदा समय में वह किसी और कारण से ही चर्चा में बने हुए हैं।

उमेश यादव को दोस्त से मिला धोखा
जमीनों की खरीद-बिक्री में अक्सर धोखाधड़ी के मामले सामने आते रहते हैं। उमेश यादव के साथ ठगी का मामला सामने आया है। महाराष्ट्र के नागपुर में भारतीय तेज गेंदबाज के साथ उनके ही दोस्त ने प्रॉपर्टी खरीदने के नाम पर धोखाधड़ी कर ली है। प्रॉपर्टी खरीदने में धोखाधड़ी का शिकार होने के बाद उमेश यादव ने पुलिस को इस बात की जानकारी दी।

उमेश यादव के साथ 44 लाख रुपये की ठगी
कोराडी पुलिस स्टेशन में उमेश यादव ने अपने साथ हुए ठगी की शिकायत दर्ज की है। शिकायत में बताया गया है कि उमेश यादव ने अपने दोस्त शैलेश दत्ता ठाकरे को अपने फाइनेंस को देखने के लिए नौकरी पर रखा था। शैलेश दत्ता ठाकरे ने उमेश यादव से प्रॉपर्टी खरीदने के बहाने यादव से 44 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। शैलेश ठाकरे के खिलाफ आईपीसी की धारा 406, 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

आईपीएल में दिखेंगे उमेश यादव
भारत के लिए उमेश यादव सिर्फ टेस्ट क्रिकेट खेलते नजर आते हैं। इस साल वह केकेआर के लिए आईपीएल में जलवा बिखेरते नजर आएंगे। उमेश यादव को केकेआर की टीम ने पिछले साल मेगा ऑक्शन में एक करोड़ के बेस प्राइज में खरीदा था। आईपीएल में उन्होंने अपनी गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया था। इस प्रदर्शन के दम पर ही पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज में लगभग साढ़े तीन साल बाद उमेश यादव की टीम में वापसी हुई थी। लेकिन वह इस सीरीज में कुछ खास कमाल नहीं कर सके।












Click it and Unblock the Notifications