U19 World Cup: पिछले 9 महीनों में तीसरी बार टूटा वर्ल्ड कप जीतने का सपना, भारत को मिली एक और हार
U19 World Cup 2024, India Vs Australia: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने में नाकाम रही। पिछले 9 महीने में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरी बार किसी बड़े टूर्नामेंट में हार का सामना करना पड़ा है। रविवार यानी कि 11 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया ने भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में हराकर ट्राफी पर कब्जा जमाया।
वनडे वर्ल्ड कप में भी मिली थी हार
इससे पहले पिछले साल 2023 में भारतीय टीम को अपनी सरजमीं पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय फैंस के सामने ऑस्ट्रेलिया ने रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम को हार का स्वाद चखाया था।

WTC का खिताब भी ऑस्ट्रेलिया के नाम
अंडर-19 वर्ल्ड कप और वनडे वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भी पटखनी दी थी। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। साल 2023 में ही पेट कमिंस की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था।
अंडर-19 वर्ल्ड कप में पांच बार जीता है खिताब
हालांकि, इससे पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दो फाइनल मुकाबले और खेले गए थे। इन दोनों ही मुकाबले में भारतीय टीम ने जीत हासिल की थी। लेकिन साल 2024 में भारतीय टीम फाइनल में जीत का हैट्रिक लगाने से चूक गई। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भारत से बदला लेते हुए फाइनल में हराकर चौथी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप के खिताब पर कब्जा जमाया।
फिर टूटा जीत का सपना
अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब सबसे अधिक बार जीतने का रिकॉर्ड भारत के नाम ही है। भारत ने सबसे अधिक पांच बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है। वहीं दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया की टीम आ गई है। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भारत को हराकर चौथी बार इस खिताब को अपने नाम किया। भारतीय टीम के हार के बाद से फैंस भी काफी नाराज हैं। सोशल मीडिया पर लगातार फैंस अपना रिएक्शन शेयर कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications