IND vs ENG U19: 'आज पूरी दुनिया देख रही है मेरे बेटे का दम', वर्ल्ड कप जीतते ही हरारे में गूंजा हिंदुस्तान!
U19 World Cup 2026 Final: भारतीय युवा टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद महाराष्ट्र के पालघर जिले का विरार शहर जश्न के सराबोर है। भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे के नेतृत्व में टीम इंडिया ने छठी बार अंडर-19 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया है। इस जीत के साथ ही आयुष अब मोहम्मद कैफ, विराट कोहली, उन्मुक्त चंद, पृथ्वी शॉ और यश ढुल जैसे दिग्गज कप्तानों की फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं जिन्होंने भारत को विश्व विजेता बनाया।
'आज दुनिया मेरे बेटे को देख रही है' (U19 World Cup 2026 Final)
मैच के बाद समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) से बात करते हुए आयुष की माता भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि मैं आज बहुत खुश हूं कि पूरी दुनिया मेरे बेटे को देख रही है। उसे सबका समर्थन और आशीर्वाद प्राप्त है। आयुष ने बचपन से ही इस मुकाम तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रही है।

पिता ने कही दिल छू लेने वाली बात
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दृश्यों में आयुष के पिता, योगेश कमलकर म्हात्रे, विरार स्थित अपने आवास पर पड़ोसियों के साथ तिरंगा लहराते और जश्न मनाते हुए दिखाई दिए। खुशी के इन क्षणों में उनकी आंखें नम थीं। समाचार एजेंसी आईएएनएस (IANS) से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भारत उसकी कप्तानी में जीता है, मेरे पास शब्द कम पड़ रहे हैं। आज हर कोई बहुत खुश है। आयुष के भाई ने भी इस जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गर्व की बात है।
फाइनल मैच में भारत ने रचा इतिहास
खिताबी मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जिसमें सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के रिकॉर्डतोड़ 175 रनों का अहम योगदान रहा। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने कैलेब फाल्कनर के नेतृत्व में संघर्ष तो किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ के आगे वे लक्ष्य से दूर रह गए। आयुष म्हात्रे ने न केवल कप्तानी में सूझबूझ दिखाई, बल्कि अहम मौकों पर सही गेंदबाजी बदलाव कर इंग्लैंड को दबाव में रखा।












Click it and Unblock the Notifications