ऑस्ट्रेलियाई टीम के हेड कोच जस्टिन लैंगर ने अचानक दिया इस्तीफा, अब इस दिग्गज को मिली कमान

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के हेड कोच जस्टिन लैंगर की मैनेजमेंट कंपनी ने शनिवार को एक बयान जारी कर कंगारू टीम के फैन्स को चौंका दिया, जिसमें उन्होंने इस दिग्गज के अपने हेड कोच पद से इस्तीफा देने की पुष्टि की है। डायनैमिक स्पोर्टस एंड एंटरटेनमेंट ग्रुप ने अपने ट्विटर हैंडल से इसकी जानकारी देते हुए लिखा कि डीएसईजी इस बात की पुष्टि करता है कि हमारे क्लाइंट जस्टिन लैंगर ने आज सुबह ही ऑस्ट्रेलिया की पुरुष क्रिकेट टीम के हेड कोच के पद से अपना इस्तीफा दे दिया है। यह इस्तीफा शुक्रवार की शाम को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ हुई बैठक के बाद आया है और तत्काल समय से ही प्रभावी है।
और पढ़ें: U19 WC 2022: बेबी एबी ने वर्ल्ड कप में रचा इतिहास, तोड़ा धवन का 18 साल पुराना रिकॉर्ड

लंबी बैठक के बाद लैंगर ने दिया हेड कोच पद से इस्तीफा
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को बोर्ड के साथ हुई लंबी बैठक के बाद जस्टिन लैंगर का भविष्य अधर में लटका हुआ नजर आ रहा था। उन्होंने साल 2018 में हुए बॉल टैंपरिंग स्कैंडल के बाद हेड कोच पद की जिम्मेदारी संभाली थी और उनका करार इस साल खत्म होने वाला था। जस्टिन लैंगर पर ऑस्ट्रेलिया की छवि सुधारने और उसे वापस चैम्पियन टीमों के बीच लाने की जिम्मेदारी थी जिसे उन्होंने बखूबी निभाया।

लैंगर के बाद यह खिलाड़ी संभालेगा कमान
इस दौरान जस्टिन लैंगर के कोचिंग करियर की बात करें तो वो काफी हद तक सफल रहा, जिसका अंत उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ खेली एशेज टेस्ट सीरीज में 4-0 की जीत के साथ किया। कई मीडिया रिपोर्टस के अनुसार इस हफ्ते जब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ निक हॉक्ले और हाई परफॉर्मेंस हेड बेन ओलिर के साथ बैठक में जस्टिन लैंगर को दोबारा इस पद पर आवेदन करने के लिये कहा गया तो उन्होंने गुस्से भरी प्रतिक्रिया दी। जस्टिन लैंगर के तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देने के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को श्रीलंका के खिलाफ सीमित ओवर्स प्रारूप की सीरीज के लिये नये कोच की दरकार है।
लैंगर के इस्तीफा देने के कुछ देर बाद ही क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर नये अंतरिम कोच का ऐलान कर दिया है और पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एंड्रयू मैक्डॉनल्ड को श्रीलंका के खिलाफ टीम की कमान संभालने की जिम्मेदारी दी है।

कोच के तौर पर शानदार रहा है करियर
लैंगर के इस्तीफा देने के बाद उनके मैनेजर जस्टिन हेंडरसन ने कहा कि बतौर खिलाड़ी भी इस दिग्गज ने अपने करियर को ऊंचे मकाम पर अलविदा कहा था। जस्टिन लैंगर ने बतौर खिलाड़ी इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज में 5-0 की जीत दिलाने के बाद करियर को अलविदा कहा था, तो अब कोचिंग करियर में भी उसी तरह से 4-0 की जीत हासिल करने के बाद इस्तीफा दिया है। जस्टिन लैंगर ने अपनी टीम को 2021 के टी20 विश्वकप में भी जीत दिलाई थी, तो वहीं पर टीम को 2019 विश्वकप के सेमीफाइनल और 2019 के एशेज सीरीज को ड्रॉ भी कराया।
आपको बता दें कि जस्टिन लैंगर ने करीब 15 सालों तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेला, जिसमें 105 टेस्ट खेलकर 44.74 की औसत से 7500 रन बनाये तो वहीं पर 8 वनडे मैचों में 160 रन जोड़े। अपने करियर के दौरान लैंगर ने 23 शतकीय पारियां भी खेली हैं।












Click it and Unblock the Notifications