U-19 World Cup: पहले नो हैंडशेक, अब सफाई! भारत से भिड़ंत के बाद बैकफुट पर बांग्लादेश, दिया चौंकाने वाला बयान
U-19 World Cup: क्रिकेट के मैदान पर भारत और बांग्लादेश (IND vs BAN) के बीच की प्रतिद्वंद्विता अब खेल की मर्यादाओं को लांघने लगी है। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में 'हैंडशेक' (हाथ मिलाने) को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना के बाद चौतरफा घिरे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को अब आनन-फानन में आधिकारिक बयान जारी कर सफाई देनी पड़ी है।
दरअसल, मैच की शुरुआत में टॉस के दौरान उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे और बांग्लादेश के कार्यवाहक कप्तान जवाद अबरार ने टॉस के बाद एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया। टॉस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों कप्तानों का बिना हाथ मिलाए वापस लौट जाना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

U-19 World Cup: BCB ने जारी किया बयान
विवाद बढ़ता देख बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने प्रेस रिलीज जारी कर डैमेज कंट्रोल की कोशिश की है। बोर्ड ने कहा कि, 'टॉस के समय हाथ न मिलाना पूरी तरह से अनजाने में हुई चूक थी। कप्तान अजीजुल हकीम की बीमारी के कारण जवाद अबरार टॉस के लिए आए थे। हाथ न मिलाना किसी अनादर का संकेत नहीं था, बल्कि यह केवल 'एकाग्रता की कमी' (Lapse in Concentration) के कारण हुआ। बोर्ड ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और टीम मैनेजमेंट को कड़ी हिदायत दी है।'
IND vs BAN: राजनीतिक तनाव का साया?
इस विवाद को इसलिए भी गंभीरता से लिया जा रहा है क्योंकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने हाल ही में T20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच भारत में खेलने से साफ इनकार कर दिया है। आईसीसी (ICC) के साथ कई बैठकों के बाद भी बांग्लादेश अपने स्टैंड पर अड़ा हुआ है। ऐसे में मैदान पर 'नो हैंडशेक' की घटना ने इन कड़वाहटों को और हवा दे दी है।
Ind vs Ban Match Highlights: मैच में क्या हआ?
इंडिया U19 ने शनिवार को U19 वर्ल्ड कप 2026 ग्रुप A में बांग्लादेश पर 18 रनों (DLS मेथड) से रोमांचक जीत दर्ज की, जो इस टूर्नामेंट में उनकी दूसरी जीत थी। 106 रन पर 2 विकेट से बांग्लादेश U19 की टीम 29 ओवर में 165 रनों के रिवाइज्ड टारगेट का पीछा करते हुए 146 रनों पर ऑल आउट हो गई।
विहान मल्होत्रा ने 4 विकेट लेकर 14 रन दिए और मैच के हीरो रहे। इससे पहले, 14 साल के शानदार खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने 67 गेंदों पर 72 रन बनाए और 17 साल के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने धैर्यपूर्ण 80 रन बनाए, जिससे भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 238 रन बनाए।
सूर्यवंशी U19 वर्ल्ड कप के इतिहास में अर्धशतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए, और उन्होंने यूथ वनडे में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में विराट कोहली को भी पीछे छोड़ दिया। बांग्लादेश के लिए, तेज़ गेंदबाज़ अल फहद ने पांच विकेट लिए।












Click it and Unblock the Notifications