सहवाग जैसी ओपनिंग और धोनी जैसा एंड, TNPL 2025 का सबसे रोमांचक मुकाबला! देखें वीडियो
TNPL 2025: तमिलनाडु प्रीमियर लीग 2025 के एक रोमांचक मुकाबले में डिंडीगुल ड्रैगन्स ने सलेम स्पार्टन्स को आखिरी गेंद पर हराकर टूर्नामेंट में तीसरी जीत दर्ज की। यह मुकाबला 22 जून को खेला गया, जहां आर अश्विन और वरुण चक्रवर्ती की शानदार परफॉर्मेंस ने टीम को जीत दिलाई। मैच का सबसे रोमांचक पल रहा आखिरी ओवर, जब डिंडीगुल को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे।
वरुण ने धोनी स्टाइल में टीम को दिलाई जीत (TNPL 2025)
अंतिम ओवर की पहली गेंद पर कोई रन नहीं आया और अगली गेंद पर एम कार्तिक सरन आउट हो गए। इसके बाद वरुण चक्रवर्ती ने मोर्चा संभाला और आखिरी दो गेंदों पर एक छक्का और एक चौका जड़कर टीम को जीत दिला दी। वरुण ने महज़ 5 गेंदों में 13 रन बनाकर फिनिशर की भूमिका निभाई। मैच के बाद डगआउट में बैठे कप्तान आर अश्विन काफी भावुक नजर आए। उनकी खुशी टीम की जीत में साफ झलक रही थी।

अश्विन का सहवाग जैसा प्रदर्शन
अश्विन को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए "प्लेयर ऑफ द मैच" चुना गया। उन्होंने पहले गेंदबाज़ी में कमाल दिखाते हुए 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट झटके। फिर बल्लेबाज़ी में आते ही 14 गेंदों में 35 रन की तेज़तर्रार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए। अश्विन की इस पारी की तुलना सोशल मीडिया पर फैंस सहवाग की बल्लेबाजी से कर रहे हैं।
प्वाइंट्स टेबल में टीम ने लगाई लंबी छलांग
सलेम की ओर से निघदीश राजगोपाल ने 47 गेंदों में 74 रनों की शानदार पारी खेली और टीम का स्कोर 188/7 तक पहुंचाया। अश्विन ने सनी संधू और विवेक राजेंद्र के अहम विकेट भी चटकाए। इस जीत के साथ डिंडीगुल ड्रैगन्स ने 5 में से 3 मैच जीत लिए हैं और अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। अब उनका अगला मुकाबला 26 जून को नेल्लई रॉयल किंग्स और 29 जून को त्रिची ग्रैंड चोलास से होगा। ये दोनों मैच प्लेऑफ की रेस के लिए काफी अहम होंगे।












Click it and Unblock the Notifications