केन विलियमसन ने छोड़ी न्यूजीलैंड की टेस्ट कप्तानी, दिग्गज पेसर को मिली कमान, जानें क्यों किया ये फैसला
विलियमसन वनडे और टी20 में न्यूजीलैंड को लीड करना जारी रखेंगे लेकिन टेस्ट कप्तानी छोड़ दी है जिसके चलते सीनियर पेसर को कप्तान बनाया गया है जबकि टॉम लॉथम उप-कप्तान होंगे

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने गुरुवार को जानकारी दी कि उसके दिग्गज बल्लेबाज और लंबे समय से स्किपर रहे केन विलियमसन ने टेस्ट कप्तानी छोड़ दी है जिसके चलते अब सीनियर तेज गेंदबाज टिम साउदी खेल के सबसे लंबे प्रारूप में टीम की कमान संभालेंगे। टॉम लैथम टेस्ट क्रिकेट में उप-कप्तानी करेंगे जबकि विलियमसन वनडे और टी20 में न्यूजीलैंड को लीड करना जारी रखेंगे।
32 वर्षीय केन विलियमसन ने वर्कलोड प्रबंधन के आधार पर ये फैसला किया और न्यूजीलैंड क्रिकेट के साथ चर्चा की। टिम साउदी न्यूजीलैंड के 31वें टेस्ट कप्तान बनेंगे और तेज गेंदबाज के लिए दिसंबर के अंत में पाकिस्तान का दौरा पहला असाइनेमेंट होगा। ब्लैककैप्स बॉक्सिंग डे यानी 26 दिसंबर से 13 जनवरी तक पाकिस्तान में 2 टेस्ट और 3 एकदिवसीय मैच खेलेंगे।
केन विलियमसन ने ब्रेंडन मैकुलम से कप्तानी लेने के बाद 38 टेस्ट में 22 जीत के साथ टीम का नेतृत्व किया, जिसमें उनकी सबसे बड़ी जीत 2021 में विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल में भारत को हराने के बाद आई। विलियमसन ने कप्तान के रूप में 57 की औसत से बैटिंग की, 11 शतक लगाए, जिनमें से 8 विजयी मौकों पर आए।
साउदी ने 22 टी20 में न्यूजीलैंड का नेतृत्व किया है लेकिन वह दिसंबर में पहली बार टेस्ट कप्तानी करेंगे। इससे पहले 1955 में हैरी केव एक तेज गेंदबाज के साथ कीवी कप्तान थे। इस समय पैट कमिंस भी टेस्ट कप्तानी संभाल रहे हैं।
वर्कलोड के चलते लिया फैसला-
विलियमसन ने कहा, "टेस्ट क्रिकेट में ब्लैक कैप्स की कप्तानी करना विशेष सम्मान रहा है। मेरे लिए टेस्ट क्रिकेट खेल के टॉप पर है और मैंने इस प्रारूप में कप्तान होने की चुनौतियों का आनंद लिया है। कप्तानी के साथ मैदान के अंदर और बाहर काम का बोझ बढ़ जाता है और मेरे करियर के इस पड़ाव पर मुझे लगता है कि इस फैसले के लिए यह सही समय है। बोर्ड और मैंने महसूस किया कि अगले दो वर्षों में दो विश्व कप के साथ सीमित ओवरों की कप्तानी जारी रखना बेहतर होगा।"
वहीं 88 टेस्ट मैचों में 347 विकेट लेने वाले साउदी ने कहा कि वह टेस्ट में ब्लैककैप का नेतृत्व करने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने इसे बड़े सम्मान की बात बताई।
टिम ने कहा, "मुझे टेस्ट क्रिकेट पसंद है, यह सबसे बड़ी चुनौती है और मैं इस प्रारूप में टीम का नेतृत्व करने के अवसर से वास्तव में उत्साहित हूं। केन शानदार टेस्ट कप्तान रहे हैं और मैं गैरी के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।"












Click it and Unblock the Notifications