वर्ल्ड कप में David Warner के बैटिंग ऑर्डर को लेकर आया चौंकाने वाला बयान, पूर्व क्रिकेटर ने किया बड़ा दावा
World Cup 2023: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप का आगाज 5 अक्टूबर से भारत की मेजबानी में होने जा रहा है, जिसका फाइनल मुकाबला 19 नवंबर को खेला जाएगा। टूर्नामेंट में भारतीय टीम अपना पहला मैच 8 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई में खेलेगी। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट कप्तान टिम पेन ने दावा किया है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट भारत में आगामी विश्व कप के दौरान डेविड वार्नर को चौथे नंबर पर इस्तेमाल करने पर विचार कर रहा है।
दरअसल, रेड-बॉल क्रिकेट में वॉर्नर की खराब फॉर्म ने टीम में उनके स्थान पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, जब वनडे की बात आती है, तो 36 वर्षीय खिलाड़ी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए शानदार फॉर्म में है। वार्नर ने अपने पिछले 16 मैचों में सात अर्द्धशतक बनाए हैं और साल की शुरुआत में भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान उन्हें नंबर 4 बल्लेबाज के रूप में नियुक्त किया गया था।

मीडिया से बातचीत के दौरान पेन ने खुलासा किया कि वह विश्व कप के दौरान वार्नर को चौथे स्थान पर इस्तेमाल किए जाने की खबर सुन रहे है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने ट्रैविस हेड और मिशेल मार्श को बल्लेबाजी की शुरुआत कराने के विचार का समर्थन किया क्योंकि उनके अनुसार तेज शुरुआत जरूरी है।
पेन को यह भी लगता है कि वार्नर चौथे नंबर पर पारी को बेहतर ढंग से नियंत्रित कर सकते हैं और उन्हें 36 वर्षीय खिलाड़ी को मिडिल ऑर्डर में रखने का विचार पसंद आया। पेन ने कहा कि, 'जैसा मैंने सुना है मुझे लगता है कि वार्नर नंबर 4 पर आ सकते हैं।'
उन्होंने आगे कहा कि, वह स्पिन का अच्छा खिलाड़ी है, उसके पास ताकत भी है और वह पारी को नियंत्रित कर सकता है। इसलिए मुझे उन परिस्थितियों में उसे मध्य क्रम में रखना पसंद है।' 'मैंने कुछ लोगों से सुना है कि निश्चित रूप से इसके बारे में बात की गई है।' पेन ने यह भी सुझाव दिया कि वह एक रिजर्व विकेटकीपर और मार्नस लाबुशेन को अपनी टीम में शामिल करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications