IND vs AFG: दूसरे T20I मैच के लिए इंदौर पहुंचे विराट कोहली, प्लेइंग XI में इस बल्लेबाज पर लटकी तलवार
India vs Afghanistan: भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मैच इंदौर में खेला जाएगा। ये मैच 14 जनवरी को होल्कर स्टेडियम में होगा। दूसरे मैच में शामिल होने के लिए टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी इंदौर पहुंच गए हैं, ऐसे में अब किस खिलाड़ी का प्लेइंग इलेवन से पत्ता कट सकता है, आइए जानते हैं।
इस बल्लेबाज को गंवानी पड़ सकती है जगह
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा का मानना है कि विराट कोहली और यशस्वी जयसवाल के लिए जगह बनाने के लिए बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा को अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के दूसरे टी20 मैच से बाहर किया जा सकता है। चोपड़ा ने कहा कि वर्मा द्वारा अपने अवसरों को भुनाने में विफलता के कारण उन्हें दूसरे टी20 में अपनी जगह गंवानी पड़ सकती है।

कोहली ने व्यक्तिगत कारणों के चलते नहीं खेला पहला मैच
कोहली व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ पहला टी20 मैच नहीं खेल सके, लेकिन उनके इंदौर में रविवार को होने वाले दूसरे मैच के लिए प्लेइंग-11 में रहने की उम्मीद है। जयसवाल, जो रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करने वाले थे, दाहिनी कमर में खिंचाव के कारण सीरीज के ओपनर से बाहर हो गए।
11 जनवरी को मोहाली में पहले ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने भारत के सामने 159 रनों का लक्ष्य रखा। मेन इन ब्लू ने छह विकेट और 15 गेंदें शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मुकाबले में वर्मा ने 22 गेंदों में सिर्फ 26 रन बनाए।
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए एक वीडियो में कहा कि, 'रोहित शर्मा और शुभमन गिल के आउट होने के बाद, तिलक वर्मा क्रीज पर थे और शिवम दुबे को टॉप ऑर्डर में भेजा गया। तिलक वर्मा ने कुछ समय तक अच्छा खेला, लेकिन फिर अज़मतुल्लाह उमरजई की गेंद पर आउट हो गए।
उन्होंने आगे कहा कि, 'ऐसे में क्या तिलक वर्मा अगला मैच खेलेंगे? मुझे लगता है कि उन्हें बाहर किया जा सकता है क्योंकि अगर विराट कोहली और यशस्वी जयसवाल दोनों उपलब्ध हो जाते हैं, तो कौन बाहर जाएगा? कोई भी शिवम दुबे को बाहर नहीं कर सकता है और न ही कोई रिंकू सिंह को छूएगा।, 'शुभमन गिल के बारे में नहीं पता, लेकिन मुझे लगता है कि तिलक वर्मा को अगले मैच के लिए बाहर किया जा सकता है।'












Click it and Unblock the Notifications