अगस्त में तीन मैचों की ODI सीरीज के लिए जिम्बाब्वे का दौरा करेगा भारत
नई दिल्ली, 8 जुलाई: भारतीय क्रिकेट टीम अगस्त में तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए जिम्बाब्वे का दौरा करेगी। जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड के अनुसार, आईसीसी वन-डे सुपर लीग के हिस्से के रूप में तीन मैच 18, 20 और 22 अगस्त को खेले जाने की उम्मीद है।

श्रीलंका में 27 अगस्त से शुरू होने वाले एशिया कप से ठीक एक हफ्ते पहले जिम्बाब्वे सीरीज में शीर्ष भारतीय क्रिकेटरों के नहीं खेलने की संभावना है। ऐसे में बीसीसीआई को एक साथ दो अलग-अलग टीमों को मैदान में लाना पड़ेगा। ऐसा अब आमतौर पर होने लगा है कि दो भारतीय टीम खेलती नजर आती हैं। यह सफेद गेंद की श्रृंखला जिम्बाब्वे के लिए अगले साल होने वाले एकदिवसीय विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने के लिए महत्वपूर्ण होगी, वहीं भारत ने मेजबान होने के कारण सीधे क्वालीफाई कर लिया है।
जिम्बाब्वे क्रिकेट के तकनीकी निदेशक लालचंद राजपूत ने स्पोर्टस्टार से कहा, "यह हमारे खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मौका है और हम भारत के खिलाफ खेलने के लिए उत्सुक हैं।"
भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी राजपूत ने आगे कहा, "अगले साल के आईसीसी विश्व कप से पहले यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है, और सभी खिलाड़ी भारत के खिलाफ खेलने के इन पलों का इंतजार कर रहे हैं। जिम्बाब्वे में रहने वाले भारतीय समुदाय के लिए भी यह एक बड़ा क्षण है। हम भारतीय टीम का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।"
Recommended Video
भारत 2016 के बाद पहली बार जिम्बाब्वे का दौरा करेगा। कुछ साल पहले, जिम्बाब्वे को एक छोटी श्रृंखला के लिए भारत का दौरा करना था, लेकिन तब योजना के मुताबिक यह आगे नहीं बढ़ सका।
भारत बनाम जिम्बाब्वे के लिए कार्यक्रम:
पहला वनडे - 18 अगस्त
दूसरा वनडे - 20 अगस्त
तीसरा वनडे - 22 अगस्त
इस बीच रोहित की अगुवाई वाली भारतीय टीम फिलहाल इंग्लैंड के खिलाफ सफेद गेंद की सीरीज खेल रही है। उन्होंने पहला मैच जीत लिया है और 9 और 10 जुलाई को खेले जाने वाले दो और मैचों के साथ एक अलग टीम के साथ उतरने जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications