श्रीलंका में फहराया टीम इंडिया ने तिरंगा, देशभक्ति में डूब गए शुभमन गिल और गौतम गंभीर
Independence Day: श्रीलंका के गॉल में शनिवार की सुबह टीम इंडिया के लिए भावनाओं से भरी रही। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर खिलाड़ियों ने पहले टेस्ट की शुरुआत से पहले तिरंगा फहराकर देश को सलाम किया। इस खास कार्यक्रम में टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर भी मौजूद रहे। तिरंगा फहराने के बाद पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रगान हुआ।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इस यादगार पल का वीडियो भी साझा किया है। वीडियो में टीम के कप्तान और कोच ने पूरे सम्मान के साथ विदेशी सरजमीं पर अपने राष्ट्र को याद किया। विदेशी जमीन पर देश का राष्ट्रीय पर्व मनाने का यह पल खिलाड़ियों और भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए भी खास रहा।

संयोग से इसी दिन भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक और बड़ा अध्याय जुड़ रहा है। गॉल में श्रीलंका के खिलाफ मुकाबला भारत का 600वां टेस्ट है। इसलिए टीम के लिए यह मैच पहले से ही ऐतिहासिक था, लेकिन स्वतंत्रता दिवस के साथ इसका जुड़ना इस अवसर को और यादगार बना रहा है।
On the occasion of Independence Day, #TeamIndia gathered at Galle to hoist the Tricolour 🇮🇳 ahead of the First #SLvIND Test.#IndependenceDay pic.twitter.com/tHKIggV6AU
— BCCI (@BCCI) August 15, 2026
पहले टेस्ट की पूर्व संध्या पर कप्तान शुभमन गिल ने भी इस उपलब्धि और जिम्मेदारी को लेकर अपनी बात रखी। उनके लिए भारत के 600वें टेस्ट में कप्तानी करना अपने आप में बड़ा अवसर है। गिल ने माना कि देश का प्रतिनिधित्व करते हुए टेस्ट कप्तान की भूमिका निभाना हमेशा गर्व का विषय होता है।
भारतीय टीम ने गॉल टेस्ट मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। शुभमन गिल ने विकेट अच्छा बताते हुए पहले खेलकर बड़ा स्कोर करने की योजना के तहत यह फैसला लिया। बाद में पिच में धीमापन आना तय माना जा रहा है।
भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में सरफराज खान को जगह नहीं मिल पाई। देवदत्त पडीक्कल को टीम में शामिल किया गया है। ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल दोनों को शामिल किया गया। दोनों कीपिंग करते हैं। टीम इंडिया में जडेजा सहित तीन स्पिनर हैं, सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के रूप में दो तेज गेंदबाजों को रखा गया है।


Click it and Unblock the Notifications
