Teachers Day: गुरु एक, रास्ते अलग, विनोद कांबली हुए गुमनाम! Sachin Tendulkar के पास 1400 करोड़ की दौलत
Teachers Day 2025, Sachin Tendulkar: किसी भी इंसान की सफलता में उसके गुरु का योगदान सबसे अहम होता है। गुरु ही वह मार्गदर्शक होते हैं, जो सही दिशा दिखाकर जीवन को उद्देश्यपूर्ण बना देते हैं। वे न केवल ज्ञान देते हैं बल्कि अनुशासन, मेहनत और मूल्यों का पाठ भी पढ़ाते हैं। शिक्षक दिवस हमें यही याद दिलाता है कि जो कुछ भी हम आज हैं, उसमें हमारे गुरु का बड़ा हाथ है।
सचिन-कांबली के रहे हैं एक ही गुरु (Teachers Day 2025, Sachin Tendulkar)
भारतीय क्रिकेट इतिहास में कई दोस्ती की कहानियां मशहूर हैं। सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली की दोस्ती सबसे अलग है। दोनों ने बचपन में ही मुंबई के कोच रमाकांत आचरेकर से क्रिकेट की ट्रेनिंग ली। एक ही मैदान पर खेलना शुरू किया, लगभग एक ही समय टीम इंडिया में एंट्री मिली। लेकिन वक्त के साथ इन दोनों दोस्तों की किस्मत बिल्कुल अलग राहों पर चली गई। सचिन और कांबली दोनों ने एक ही गुरु से खेल की बारीकियां सीखीं, लेकिन जहां सचिन ने अनुशासन और लगन से खुद को "क्रिकेट का भगवान" बनाया, वहीं कांबली की ज़िंदगी संघर्ष और कंगाली की कहानी बनकर रह गई।

लगभग 1400 करोड़ के मालिक हैं सचिन
आज जहां सचिन 1400 करोड़ रुपये के मालिक हैं, वहीं कांबली बीसीसीआई की पेंशन पर जिंदगी काटने को मजबूर हैं। साल 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू करने वाले सचिन तेंदुलकर ने 24 साल तक क्रिकेट में राज किया। उनका करियर रिकॉर्ड, मेहनत और ब्रांड वैल्यू ने उन्हें दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेटरों में शामिल कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी नेटवर्थ करीब 165 मिलियन डॉलर (लगभग 1400 करोड़ रुपये) है। क्रिकेट से संन्यास के बाद भी उनकी कमाई जारी है।
आज भी करते हैं करोड़ों की कमाई
सचिन तेंदुलकर एडिडास, BMW इंडिया, पेप्सी, कोलगेट और Visa जैसे बड़े ब्रांड उनके साथ जुड़े हुए हैं। इसके अलावा IPL और बिजनेस वेंचर से भी उनकी आमदनी होती है। सचिन के पास मुंबई और लंदन में करोड़ों की कीमत वाले घर हैं। मुंबई के बांद्रा स्थित उनका घर ही लगभग 100 करोड़ रुपये का है। साथ ही उनके पास फेरारी, बीएमडब्ल्यू और ऑडी जैसी लग्जरी कारों का कलेक्शन भी है।
सचिन के साथ विनोद कांबली ने किया था डेब्यू
सचिन के साथ ही क्रिकेट की दुनिया में कदम रखने वाले विनोद कांबली ने 1991 में डेब्यू किया। शुरुआती दौर में उनके बल्ले से रन बरसते रहे और उन्हें अगला बड़ा स्टार माना जाने लगा। उन्होंने भारत के लिए 17 टेस्ट और 104 वनडे मैच खेले। टेस्ट में उनका औसत 54 से ऊपर रहा, जिसमें चार शतक शामिल थे। लेकिन फिटनेस, विवाद और अस्थिरता के कारण उनका करियर ज्यादा लंबा नहीं चल पाया।
कभी करोड़ों के थे मालिक आज हैं कंगाल
कांबली के पास कभी करोड़ों की संपत्ति थी, लेकिन गलत फैसलों और असफल करियर की वजह से उनकी आर्थिक हालत बिगड़ गई। साल 2022 तक उनकी सालाना आय सिर्फ 4 लाख रुपये रह गई थी। खुद कांबली ने स्वीकार किया कि उनका जीवन अब पूरी तरह से बीसीसीआई की ओर से मिलने वाले 30 हजार रुपये मासिक पेंशन पर निर्भर है। मुंबई के बांद्रा में उनका एक घर है, जिसकी कीमत जरूर करोड़ों में है, लेकिन उनकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी कठिनाई से गुजर रही है।












Click it and Unblock the Notifications