T20 World Cup में पाकिस्तान की 'कुदरत का निजाम' होगा फेल? वीरेंद्र सहवाग की भविष्यवाणी ने मचाया हड़कंप
T20 World Cup Virender Sehwag: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में पाकिस्तान की किस्मत फिलहाल दूसरों के नतीजों पर टिकी है। शुक्रवार को कोलंबो में इंग्लैंड की न्यूजीलैंड पर जीत ने पाकिस्तान के लिए रास्ता खोल दिया है। लेकिन पूर्व भारतीय विस्फोट बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का मानना है कि पाकिस्तान के पास वह दमखम नहीं है जो उन्हें सेमीफाइनल तक ले जा सके।
सहवाग ने पाकिस्तान को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी (T20 World Cup Virender Sehwag)
पल्लेकेले में श्रीलंका के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले जब एक चर्चा के दौरान सहवाग के सामने पाकिस्तान की जीत के समीकरण रखे गए, तो उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा कि नहीं होने वाला, आगे बढ़। सहवाग के इस रुख के पीछे ठोस तर्क हैं। यदि पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करते हुए 160 रन बनाता है तो उसे न्यूज़ीलैंड को नेट रन रेट में पछाड़ने के लिए श्रीलंका को कम से कम 65 रनों से हराना होगा।

बेअसर ही रहेंगी पाकिस्तान की दुआएं
वहीं, लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्हें यही स्कोर मात्र 13.2 ओवरों में हासिल करना होगा। इन दोनों ही स्थितियों पर सहवाग ने तंज कसते हुए कहा कि यह मुमकिन नहीं दिखता। पाकिस्तान के लिए दुआएं पिछले काफी समय से काम नहीं कर रही हैं और श्रीलंका के खिलाफ भी वे बेअसर ही रहेंगी। सहवाग ने विशेष रूप से पाकिस्तान की बल्लेबाजी क्षमता पर सवाल उठाए।
श्रीलंका को खेलना होगा खराब क्रिकेट
उन्होंने तर्क दिया कि जो टीम सामान्य परिस्थितियों में 160 रन बनाने के लिए संघर्ष कर रही हो, वह इतने ही स्कोर को 14 ओवर के भीतर कैसे चेज़ कर सकती है? सहवाग के अनुसार, पाकिस्तान का क्वालीफाई करना केवल तभी संभव है जब श्रीलंका बेहद खराब क्रिकेट खेले और 90 रनों के आसपास ऑल-आउट हो जाए, जिसकी संभावना बेहद कम है।
सुपर-8 के ग्रुप-2 से इंग्लैंड पहले ही टॉप पर रहकर क्वालीफाई कर चुका है। अब दूसरे स्थान के लिए पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड के बीच संघर्ष है। हालांकि दोनों टीमों के अंक बराबर हो सकते हैं, लेकिन न्यूज़ीलैंड का नेट रन रेट काफी बेहतर है। ऐसे में पाकिस्तान को एक 'चमत्कारी' अंतर से जीत दर्ज करनी है। पाकिस्तान की मिडल ऑर्डर बल्लेबाजी पूरे टूर्नामेंट में बुरी तरह फ्लॉप साबित रही है।












Click it and Unblock the Notifications