T20 World Cup के सेमीफाइनल में खूब गरजता है विराट कोहली का बल्ला, इंग्लैंड के खिलाफ रिकॉर्ड जोरदार
T20 World Cup semi-final, India vs England: 27 जून यानी गुरुवार को भारत और इंग्लैंड के बीच टी-20 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाना है। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली का बल्ला इस वर्ल्ड कप में अब तक खामोश रहा है। लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ कोहली के बल्ले से रनों की उम्मीद होगी। विराट कोहली आईसीसी के बड़े मुकाबले में अक्सर रन बनाने में कामयाब रहे हैं।
सेमीफाइनल में चलता है कोहली का बल्ला
पिछली बार यानी साल 2022 के सेमीफाइनल में भी भारत का सामना इंग्लैंड से ही हुआ था। इंग्लैंड के खिलाफ विराट कोहली ने उस मुकाबले में 40 गेंदों में 50 रन बनाए थे। जबकि इससे पहले साल 2016 टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भी विराट कोहली ने 47 गेंद में 89 रनों की पारी खेली थी। वहीं साल 2014 के सेमीफाइनल में उनके बल्ले से 44 गेंद में 72 निकले थे।

इंग्लैंड के खिलाफ दमदार रिकॉर्ड
भारत के लिए इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा टी 20 रन विराट कोहली ने बनाए हैं। कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ अभी तक 20 टी 20 मैच खेले हैं। इस दौरान 639 रन बनाए हैं। कोहली इंग्लैंड के खिलाफ 5 अर्धशतक लगा चुके है। उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 80 रन रहा है।
कोहली के बल्ले से रनों की उम्मीद
रिकॉर्ड से साफ है कि टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में विराट कोहली का बल्ला जमकर हल्ला बोलता है। ऐसे में विराट कोहली इंग्लैंड के खिलाफ भी बड़ी पारी खेल सकते हैं। टी-20 वर्ल्ड कप से पहले आईपीएल 2024 में विराट कोहली बेहतरीन फार्म में दिखाई दे रहे थे। विराट कोहली ने आईपीएल में सबसे अधिक 741 रन बनाए थे। लेकिन टी-20 वर्ल्ड कप में अब तक कोहली एक भी अर्धशतक नहीं जड़ सके हैं।
बारिश से होगा भारत को फायदा
बता दें कि भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल मैच के दौरान बारिश की संभावना भी जताई जा रही है। अगर बारिश के कारण मैच नहीं होता है तो ऐसे में भारतीय टीम को फायदा मिलेगा। दरअसल, भारतीय टीम सुपर 8 के ग्रुप ए में टॉप पर मौजूद थी। भारत ने तीन मैच में जीत दर्ज कर 6 अंकों के साथ ग्रुप ए के प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर थी। ऐसे में भारतीय टीम मैच रद्द होने की स्थिति में सीधा फाइनल में क्वालीफाई कर लेगी।












Click it and Unblock the Notifications