4 टीमों के बीच आज दो मुकाबले, सेमीफाइनल के लिए दोनों मैच अहम, टीम इंडिया में खेलेंगे ये 11 खिलाड़ी
T20 World Cup Today Match: टी20 विश्व कप 2026 अब अपने निर्णायक पड़ाव पर है। आज सुपर-8 चरण के दो महत्वपूर्ण मैच खेले जाएंगे। जहां एक तरफ दक्षिण अफ्रीका की टीम वेस्टइंडीज से टकराएगी, वहीं दूसरी तरफ भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ करो या मरो वाले मैच में खेलेगी।
खास बात यह है कि चारों टीमों के ये मुकाबले काफी अहम है। भारत और ज़िम्बाब्वे की टीमें सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने जे लिए जीत दर्ज करना चाहेंगी। दूसरी तरफ वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका की टीमें अपने मैच में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल के और करीब जाने का प्रयास करेंगी।

दिन का पहला मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:00 बजे शुरू होगा। दक्षिण अफ्रीका की टीम पिछले मैच में भारत को हराकर जबरदस्त फॉर्म में है, जबकि वेस्टइंडीज की टीम अपनी स्पिन गेंदबाजी और पावर हिटिंग के दम पर चुनौती पेश करेगी।
शाम के मैच पर फैंस की नजरें
भारतीय प्रशंसकों की नजरें शाम को होने वाले इस 'करो या मरो' के मैच पर टिकी हैं। भारत और जिम्बाब्वे के बीच यह भिड़ंत चेन्नई के ऐतिहासिक एमए चिदंबरम (चेपॉक) स्टेडियम में होगी। मैच का टॉस शाम 6:30 बजे होगा और पहली गेंद शाम 7:00 बजे फेंकी जाएगी।
टीम इंडिया के लिए खास मुकाबला
दक्षिण अफ्रीका से मिली करारी हार के बाद भारत का नेट रन रेट काफी खराब हो चुका है। सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए भारत को आज जिम्बाब्वे के खिलाफ न केवल जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि एक बड़े अंतर से जीत हासिल करनी होगी। राहत की बात यह है कि फिनिशर रिंकू सिंह टीम के साथ वापस जुड़ रहे हैं, जिससे टीम का मध्यक्रम मजबूत होगा।
पिच और लाइव टेलीकास्ट की जानकारी
चेन्नई की पिच स्पिनरों के लिए स्वर्ग मानी जाती है, इसलिए भारतीय स्पिन तिकड़ी पर बड़ी जिम्मेदारी होगी, हालांकि यह पिच नई है और इस पर पहला मैच खेला जाएगा। इन मैचों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकता है, वहीं मोबाइल पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग डिज्नी+ हॉटस्टार पर उपलब्ध होगी।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह












Click it and Unblock the Notifications