IND vs ZIM: चेपॉक में गूंजा संजू का नाम! प्लेइंग इलेवन में शामिल होते ही किया कमाल, ठोक दिए इतने रन
T20 World Cup 2026 IND vs ZIM: चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में गुरुवार को संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। टी20 विश्व कप के सुपर 8 मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के समय संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की पुष्टि की तो पूरा स्टेडियम "चेट्टन-चेट्टन" के नारों से गूंज उठा। आने वाले आईपीएल सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए संजू सैमसन डेब्यू करने वाले हैं, जिसका इंतजार फैंस बेसब्री से कर रहे हैं।
संजू सैमसन की धमाकेदार शुरुआत (T20 World Cup 2026 IND vs ZIM)
सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत को इस मैच के साथ-साथ वेस्टइंडीज वाले मुकाबले में भी जीत की दरकार है। सलामी जोड़ी के रूप में उतरे संजू सैमसन ने पहली गेंद से ही इरादे साफ कर दिए। भारत ने पावरप्ले (शुरुआती 6 ओवरों) का भरपूर फायदा उठाते हुए 80 रन बोर्ड पर टांग दिए। इस विस्फोटक शुरुआत ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को पूरी तरह रक्षात्मक होने पर मजबूर कर दिया।

अच्छी शुरुआत पर खेल नहीं सके बड़ी पारी
संजू सैमसन ने अपनी पारी की दूसरी ही गेंद पर रिचर्ड नगरावा को छक्का जड़कर स्टैंड्स में बैठे दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। सैमसन ने मात्र 15 गेंदों में 24 रनों की पारी खेली, जिसमें 2 शानदार छक्के और 1 चौका शामिल रहा। सैमसन ने कदमों का बेहतरीन इस्तेमाल किया और तेज गेंदबाजों के खिलाफ कड़े प्रहार किए। हालांकि, उनकी यह पारी लंबी नहीं खिंच सकी। चौथे ओवर की चौथी गेंद पर ब्लेसिंग मुज़ारबानी की एक धीमी गति की शॉर्ट गेंद (106 किमी/घंटा) को पुल करने के प्रयास में वे डीप मिडविकेट पर रयान बर्ल को कैच दे बैठे।
फैंस ने खड़े होकर बजाई तालियां
भले ही सैमसन 24 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन मैदान से वापस लौटते समय दर्शकों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया। चेपॉक के क्राउड के लिए यह उनके भविष्य के 'होम ग्राउंड' पर एक छोटा लेकिन दमदार ट्रेलर था। मैच से पहले संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर के प्रदर्शन और तमिलनाडु के दिग्गज खिलाड़ी दिनेश कार्तिक द्वारा वर्ल्ड कप ट्रॉफी के प्रदर्शन ने माहौल को पहले ही जोश से भर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications