T20 World Cup 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कब? इस दिन होगी खिलाड़ियों की घोषणा!
T20 World Cup 2026, Team India Squads: भारतीय क्रिकेट के लिए 20 दिसंबर यानी शनिवार बेहद अहम होने वाला है। एक तरफ जहां अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज का अंत हो रहा है। वहीं दूसरी ओर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) भविष्य की बड़ी तैयारी में जुट गया है। शनिवार को मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति एक हाई-प्रोफाइल बैठक करेगी।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए होगी बैठक (T20 World Cup 2026, Team India Squads)
इस बैठक का मुख्य एजेंडा आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का चयन करना है। यह टूर्नामेंट फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाना है। भारतीय टीम मौजूदा चैंपियन है और उसका लक्ष्य अपने खिताब का बचाव करना है। चयनकर्ताओं के सामने चुनौती एक ऐसी संतुलित टीम चुनने की है जो घरेलू परिस्थितियों का पूरा फायदा उठा सके।

वर्ल्ड कप के लिए होगी खिलाड़ियों की घोषणा
बैठक के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए टीम की घोषणा करेंगे और वर्ल्ड कप की रणनीति शेयर करेंगे। वर्ल्ड कप से ठीक पहले जनवरी में भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मैदानों पर तीन वनडे और पांच टी-20 मैचों की सीरीज खेलनी है। शनिवार की बैठक में इस सीरीज के लिए भी खिलाड़ियों के नामों का ऐलान होगा। 11 से 31 जनवरी तक चलने वाली यह सीरीज वर्ल्ड कप के लिए 'ड्रेस रिहर्सल' जैसी होगी।
7 फरवरी से होगा टी-20 वर्ल्ड कप का आगाज
टी-20 वर्ल्ड कप का आगाज 7 फरवरी से होगा। इसमें कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। डिफेंडिंग चैंपियन भारत को ग्रुप-A में रखा गया है। भारत के साथ इस ग्रुप में पाकिस्तान, अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड जैसी टीमें हैं। टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ करेगी। भारत अपने ग्रुप मैच मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद और श्रीलंका के कोलंबो में खेलेगा।
इतिहास रचने का मौका
साल 2007 में पहला टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के पास इस बार इतिहास रचने का मौका है। अगर भारत 2026 में खिताब जीतता है, तो वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में लगातार दो बार ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी। चयनकर्ताओं की नजरें युवाओं और अनुभवी खिलाड़ियों के सही संयोजन पर टिकी हैं ताकि फरवरी में जब 29 दिनों का यह क्रिकेट महाकुंभ शुरू हो तो टीम इंडिया पूरी तरह तैयार रहे।












Click it and Unblock the Notifications