साउथ अफ्रीका सुपर 8 में पहुंचने वाली बनी पहली टीम, पाकिस्तान की तरह बंग्लादेश ने हारा जीता हुआ मैच
T20 World Cup 2024, South Africa vs Bangladesh: टी-20 वर्ल्ड कप में अब तक कई रोमांचक मुकाबले खेले गए हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार 9 जून को एक लो स्कोरिंग थ्रिलर मुकाबला देखने को मिला था। वहीं इसके अगले ही दिन यानी 10 जून को साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच में कुछ ऐसा ही मुकाबला देखने को मिला। साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच खेला गया मुकाबला भी लो स्कोरिंग रहा जिसे साउथ अफ्रीका की टीम ने डिफेंड कर लिया।
बांग्लादेश को मिली 4 रनों से हार
पाकिस्तान की तरह बांग्लादेश भी इस मुकाबले में काफी आगे दिखाई दे रही थी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेने के बाद दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 113 रन बनाए थे। जिसके जवाब में बांग्लादेश की टीम पूरे 20 ओवर में सात विकेट खोकर 109 रन ही बना सकी और चार रनों से मुकाबला गंवा बैठी।

श्रीलंका पर मंडराया बाहर होने का खतरा
ग्रुप स्टेज में दक्षिण अफ्रीका की यह लगातार तीसरी जीत है। लगातार 3 मैच जीतने के बाद दक्षिण अफ्रीका की टीम सुपर 8 के लिए क्वालीफाई कर ली है। वहीं बांग्लादेश और नीदरलैंड दो-दो मैच के बाद दो अंक लेकर दूसरे और तीसरे स्थान पर है। उसके बाद नेपाल जिसने सिर्फ एक मैच खेला है और हार का सामना किया था। वहीं श्रीलंका की बात करें तो श्रीलंका की टीम इस समय ग्रुप डी के प्वॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है। श्रीलंका ने दो मुकाबले खेले और दोनों में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
साउथ अफ्रीका की सुपर 8 में एंट्री
साउथ अफ्रीका की जीत के बाद श्रीलंका पर ग्रुप स्टेज से ही बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। श्रीलंका को अब बचे हुए दोनों ही मुकाबले को बड़े अंतर से जीतना होगा। इसके साथ ही श्रीलंका को दूसरी टीमों के रिजल्ट पर भी निर्भर रहना होगा। वहीं साउथ अफ्रीका की टीम ने बांग्लादेश को हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है।
ऐसा रहा आखिरी ओवर का रोमांच
बांग्लादेश को इस रोमांचक मुकाबले में जीत के लिए आखिरी ओवर में 11 रनों की जरूरत थी। पहली दो गेंद पर चार रन आए और तीसरी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में जाकिर अली आउट होकर पवेलियन लौट गए। उसके बाद चौथी गेंद पर लेग बाय का एक रन आया। जबकि पांचवीं गेंद पर महमुदुल्लाह ने सामने बड़ा शॉट लगाने का प्रयास किया लेकिन वह बाउंड्री पर कैच आउट हो गए। अंतिम गेंद पर सिर्फ एक रन बने और इस तरह बांग्लादेश की टीम इस मुकाबले को चार रनों से गंवा बैठी।












Click it and Unblock the Notifications