'तेरे ऊपर लानत है, हमने तुम्हारी मां और बहनों को बचाया है', पाकिस्तानी दिग्गज ने ऐसा क्या कहा कि भड़के भज्जी
T20 World Cup 2024, IND vs PAK: रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ छह रनों से करीबी मुकाबला जीतने में कामयाबी हासिल की। टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में यह भारत की लगातार दूसरी जीत है। आयरलैंड के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तान को भी पटखनी दे दी है। भारत को अब सुपर 8 में पहुंचने के लिए यूएसए और कनाडा में से किसी भी एक टीम को हराना होगा। लेकिन भारतीय टीम इन दोनों ही टीमों के खिलाफ जीत दर्ज करना चाहेगी।
गेंदबाजों ने दिलाई जीत
9 जून को खेला गया भारत-पाकिस्तान के बीच का मुकाबला बेहद रोमांचक रहा था। पाकिस्तान की टीम लंबे समय तक इस मुकाबले में डोमिनेट कर रही थी। लेकिन आखिरी के कुछ ओवर में भारत ने पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीन ली। जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या और मोहम्मद सिराज की दमदार गेंदबाजी की बदौलत भारतीय टीम पाकिस्तान को हराने में सफल रही।

कामरान ने किया सिख धर्म का अपमान
इस मैच को जीतने के लिए पाकिस्तान को आखिरी ओवर में 18 रनों की जरूरत थी। भारत की तरफ से 20वां ओवर फेंकने के लिए अर्शदीप सिंह आने वाले थे। ऐसे में पाकिस्तानी टीवी चैनल पर एक शो के दौरान पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर कामरान अकमल ने अर्शदीप सिंह को लेकर विवादित कमेंट कर दिया। उन्होंने कहा कि अर्शदीप सिंह 20वां ओवर फेंकेंगे और वह रन लुटा भी सकते हैं। वैसे भी अब 12 बज गए हैं। यह कहकर उन्होंने सिख धर्म का अपमान करने की कोशिश भी की।
फूटा भज्जी का गुस्सा
इसके बाद भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने कामरान अकमल को फटकार लगाने का काम किया है। हरभजन सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा कि कामरान अकमल तेरे ऊपर लानत है। तुम्हें अपना मुंह खोलने से पहले सिख धर्म के इतिहास के बारे में जानना चाहिए। हम सिखों ने तुम्हारी मां और बहनों को घुसपैठियों से बचाया है। उस वक्त 12 बज रहे थे। तुम्हें शर्म आनी चाहिए, थोड़ा आभार करो।
अर्शदीप सिंह बने जीत के हीरो
बता दें कि अर्शदीप सिंह ने 20वें ओवर में सिर्फ 11 रन खर्च किए और भारत को पाकिस्तान के खिलाफ जीत दिला दी। अर्शदीप सिंह ने अपनी दमदार गेंदबाजी से कामरान अकमल की बोलती बंद कर दी। दूसरी तरफ भारत के खिलाफ जीत हुआ मुकाबला हारने के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर लगातार टीम के कप्तान बाबर आजम को निशाने पर ले रहे हैं।
कामरान ने मांगी माफी
हालांकि, हरभजन सिंह के इस ट्वीट के बाद कामरान अकमल ने सरेआम उनसे माफी मांगी। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट के जरिए लिखा कि उनका मकसद सिख धर्म का अपमान करना नहीं था। वह सिख धर्म की काफी इज्जत करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications