'स्काई' की कोई लिमिट नहीं, सूर्यकुमार यादव की चमक में फीके पड़े बाकी बल्लेबाज, बनाया ऐसा रिकॉर्ड
सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने एक बार फिर से साबित किया है कि वे टीम इंडिया के ही नहीं बल्कि दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज क्यों हैं। भारत बनाम जिंबाब्वे मुकाबले में जब बाकी बल्लेबाज तेज रनों के लिए संघर्ष कर रहे थे तब सूर्यकुमार यादव ने बहुत आसानी से मैदान के चारों कोनों में गेंद को भेजते हुए एक और तूफानी पारी खेली और बताया 'स्काई' की कोई लिमिट नहीं है। यादव जब बैटिंग के लिए आए तब रोहित 13 गेंदों पर 15 रन और विराट कोहली 25 गेंदों पर 26 रनों की धीमी पारी खेलने के बाद आउट हुए थे। (फोटो सौजन्य- BCCI)
Recommended Video

25 गेंदों पर 6 चौके और 4 छक्कों के दम पर 61 रन
भारत 160 की ओर देख रहा था लेकिन यह स्कोर 186 हुआ क्योंकि सूर्यकुमार यादव 25 गेंदों पर 6 चौके और 4 छक्कों के दम पर 61 रन बनाकर नॉटआउट लोटे। उन्होंने मैदान पर 360-degree शॉट लगाने का जो सिलसिला जमाया वह अंत तक जारी रहा और देखने वाले अपने दांतों तले अंगुली दबाकर बैठे रहे। सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी करने के इतने बड़े महारथी दिखाई देते हैं कि उनके सामने विराट कोहली, रोहित शर्मा, के एल राहुल, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी भी साइड में खड़े नजर आने लगे हैं।
(फोटो सौजन्य- ICC)

सूर्यकुमार यादव की चमक में फीके पड़े बाकी बल्लेबाज
इसके साथ ही सूर्यकुमार ने टी-20 वर्ल्ड कप में एक और तेज अर्धशतक पूरा किया और उन्होंने इस साल T20 इंटरनेशनल में 1000 रन भी अपने पूरे कर लिए। सूर्यकुमार यादव 2022 में ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने हैं। इस विश्व कप में सूर्य ने पाकिस्तान के खिलाफ 10 गेंदों पर 15 रन बनाए थे लेकिन उसके बाद से उनका बल्ला लगातार बोला है। अगले ही मैच में उन्होंने 25 गेंद पर नॉटआउट 51 रन बनाकर वापसी की और फिर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बहुत ही मुश्किल हालातों में 40 गेंद पर 68 रन ठोक दिए। उन्होंने अपने पिछले मुकाबले में 16 गेंद पर 30 रनों की पारी खेली थी और अब जिंबॉब्वे के खिलाफ नॉटआउट 61 रन बना दिए हैं।
सूर्यकुमार ने T20 वर्ल्ड कप के इस एडिशन में 75 के औसत और 194 के स्ट्राइक रेट के साथ 225 रन बनाए हैं। इसके अलावा यादव ने इस कैलेंडर ईयर में 59 छक्के हिट कर दिए हैं। भारत इस मुकाबले में ऋषभ पंत को लेकर उतरा था लेकिन वे केवल तीन ही रन बना पाए जबकि उन्होंने पांच गेंद भी ली।

भारतीय पारी ऐसी रही
इससे पहले टीम इंडिया की शुरुआत केएल राहुल और रोहित शर्मा ने की थी लेकिन रोहित 15 रन बनाकर ब्लेसिंग मुजरबानी की गेंद पर आउट हो गए। विराट कोहली और केएल राहुल के बीच बढ़िया अर्धशतकीय साझेदारी हुई जहां पर केएल राहुल ने कुछ बेहतरीन शॉट लगाए लेकिन विराट कोहली टिकने के बाद सीन विलियम्स की गेंद पर आउट हुए और उन्होंने 25 गेंदों पर 26 रनों की पारी खेली। इसके बाद केएल राहुल अपना अर्धशतक पूरा कर पाते हैं लेकिन 35 गेंद पर 51 रन बनाकर सिकंदर रजा की गेंद पर आउट हो जाते हैं। सूर्यकुमार यादव का बल्ला लगातार दूसरे छोर पर चल रहा था और विकेट भी गिर रहे थे। हार्दिक पांड्या इस मुकाबले में कुछ खास नजर नहीं आए और उन्होंने 18 गेंदों पर 18 रनों की पारी खेली। वहीं गेंदबाजी में यह मैच ब्लेसिंग मुजरबानी के लिए भूलने लायक साबित हुआ क्योंकि उन्होंने चार ओवर में 50 रन देकर एक विकेट हासिल किया।












Click it and Unblock the Notifications