T20 World Cup: रिले रोसौव के प्रहार से बांग्लादेश धराशाई, साउथ अफ्रीका ने दिया 206 रनों का टारगेट
टी20 वर्ल्ड कप 2022 में आज साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच ग्रुप 2 का मैच खेला जा रहा है जहां पर रिले रोसौव ने तूफानी बैटिंग करते हुए एशियाई टीम के सामने 206 रनों का बड़ा टारगेट बना दिया है। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाए। इस पारी में रिले रोसौव का बल्ला जमकर बोला और उनका साथ विकेटकीपर डिकॉक ने दिया। हालांकि इनके अलावा बाकी कोई बल्लेबाज ठीक योगदान नहीं कर सका।

रिले रोसौव ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का दूसरा शतक ठोकते हुए 56 गेंदों पर 109 रनों की पारी खेली। वह अलग ही फॉर्म में हैं। उन्होंने 7 चौके और 8 छक्के लगाए। रिले रोसौव का नाम वर्ल्ड कप की शुरुआत से ही चल रहा है और उनको टूर्नामेंट का खिलाड़ी बताया जा रहा है। वे प्रचंड फॉर्म में हैं और साउथ अफ्रीका टीम के लिए ट्रम्प कार्ड साबित हो सकते हैं।
दक्षिण अफ्रीकी टीम की पारी की शुरुआत हालांकि टॉस जीतने के बाद तब खास साबित नहीं हुई जब टेंबा बावुमा 2 रन बनाकर तस्कीन अहमद की गेंद पर आउट हो गए। लेकिन उसके बाद रिले रोसौव और क्विन्टन डिकॉक का जलवा शुरू हो गया। डिकॉक ने 38 गेंदों पर 63 रनों की पारी खेली और रिले रोसौव के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी की। यह एक तूफानी साझेदारी थी जिसमें 13.3 ओवर में 168 रन बनाए गए।
हालांकि इन दोनों बल्लेबाजों के बड़े योगदान के बाद दक्षिण अफ्रीका को टेंशन लेने की जरूरत नहीं थी लेकिन बाकी कोई और बल्लेबाज रन नहीं बना सका जिसके चलते साउथ अफ्रीका अपने मनचाहे स्कोर से कम से कम 10-15 रन पीछे रह गया है। ट्रिस्टन स्ट्ब ने 7 गेंदों पर सात ही रन बनाए। अंतिम ओवरों में एडन मार्करम और डेविड मिलर तूफानी अंदाज दिखाने में उतने कामयाब नहीं हुए। मार्करम 11 गेंदों पर 10 रन बनाकर हसन महमूद की गेंद पर आउट हुए। यहां तक कि वायरने परनेल 2 गेंदों पर कोई रन नहीं बना सके।
गेंदबाजी में कप्तान शाकिब अल हसन और मुस्ताफिजुर रहमान बढ़िया दिखाई दिए। शाकिब ने रिले रोसौव समेत दो विकेट चटकाते हुए 3 ओवर में 33 रन दिए। रहमान ने चार ओवर में 25 रन दिए हालांकि विकेट नहीं मिला। अंतिम ओवर में कसी गेंदबाजी करने वाले हसन महमूद ने चार ओवर में 36 रन देकर 1 विकेट लिया।












Click it and Unblock the Notifications