SA vs BAN: बांग्लादेश के खिलाफ रिले रोसौव ने जड़ा ताबड़तोड़ शतक, दुनिया का कोई खिलाड़ी नहीं कर सका है ऐसा
जिम्बाब्वे के खिलाफ बारिश के कारण दक्षिण अफ्रीका को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा था। मैच के बीच में बारिश की वजह से जिम्बाब्वे और अफ्रीका को एक-एक अंक मिले थे।
South Africa vs Bangladesh, 22nd Match, Super 12 Group 2: जिम्बाब्वे के खिलाफ बारिश के कारण दक्षिण अफ्रीका को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा था। मैच के बीच में बारिश की वजह से जिम्बाब्वे और अफ्रीका को एक-एक अंक मिले थे। दक्षिण अफ्रीका की टीम अब इस नुकसान की भरपाई करने के मूड में दिखाई पड़ रही है। बांग्लादेश के खिलाफ टीम के बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की।

महज 52 गेंदों में रिले रोसौव ने जड़ा शतक
बांग्लादेश के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के बल्लेबाज रिले रोसौव ने कमाल की पारी खेली। रिले रोसौव ने महज 52 गेंदों में अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर का दूसरा शतक जड़ दिया। रिले रोसौव के शतक की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 205 रन बना लिए। अफ्रीका की कोशिश इस मुकाबले को बड़े अंतर से जीतकर वर्ल्ड कप प्वाइंट्स टेबल में अपनी स्थिति मजबूत करने की होगी।

बेहतरीन बल्लेबाजी से बनाया ये वर्ल्ड रिकॉर्ड
सिडनी में बांग्लादेश के खिलाफ शुरुआत से ही अफ्रीकी बल्लेबाजों ने तेज अंदाज में बल्लेबाजी करना शुरू कर दिया था। शतक लगाने के साथ ही रिले रोसौव ने बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। दरअसल, रोसैव टी-20 इंटरनेशनल के लगातार दो पारियों में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। पिछली बार इंदौर के मैदान पर रोसैव ने शतक लगाया था।

लगाया वर्ल्ड कप का चौथा सबसे तेज शतक
जिम्बाब्वे के खिलाफ अफ्रीका ने मैच जरूर खेला था, लेकिन वहां रोसैव की बल्लेबाजी नहीं आई थी। ऐसे में वह लगातार दो पारियों में दो शतक जड़ने वाले वर्ल्ड के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। रोसौव के नाम टी20 वर्ल्ड कप में चौथा सबसे तेज शतक बनाने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। ब्रेंडन मैकुलम ने 2012 में बांग्लादेश के खिलाफ 51 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की और इस लिस्ट में वह तीसरे स्थान पर हैं। जबकि क्रिस गेल के नाम क्रमशः 47 (2016) और 50 (2007) गेंदों पर सबसे तेज और दूसरे सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड है।

85 गेंदों में हुई 163 रनों की साझेदारी
रोसो ने क्विंटन डी कॉक के साथ 85 गेंदों में 163 रनों की दूसरी विकेट की साझेदारी की। क्विंटन डी कॉक ने भी 38 गेंदों में अहम 63 रनों का योगदान दिया। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 7 चौके और तीन छक्के लगाने में कामयाबी हासिल की। लेकिन टीम के कप्तान बावुमा एक बार फिर फ्लॉप रहे और महज दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अफ्रीका के पास इस मुकाबले को जीतकर अपनी स्थिति बेहतर करने का मौका होगा।

मैच में इन खिलाड़ियों को मिला मौका
बांग्लादेश- नजमुल हुसैन शांतो, सौम्य सरकार, लिटन दास (विकेटकीपर), शाकिब अल हसन (कप्तान), अफिफ हुसैन, मेहदी हसन मिराज, नूरुल हसन, मोसादेक हुसैन, तस्कीन अहमद, हसन महमूद, मुस्तफिजुर रहमान।
दक्षिण अफ्रीका- क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), टेम्बा बावुमा (कप्तान), रिले रोसौव, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, वेन पार्नेल, केशव महाराज, कैगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्टजे, तबरेज शम्सी।












Click it and Unblock the Notifications