'बहुत दुखी हूं वर्ल्ड कप नहीं खेल पाऊंगा', बाहर होने के बाद जसप्रीत बुमराह ने शेयर किए जज्बात
नई दिल्ली, 4 अक्टूबर: भारत के प्रीमियर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस बात से काफी दुखी है कि वह T20 वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट टीम को अपनी सेवाएं नहीं दे पाएंगे। टीम इंडिया का T20 वर्ल्ड कप अभियान ऑस्ट्रेलिया में 16 अक्टूबर से प्रैक्टिस मैचों के साथ शुरू हो रहा है लेकिन अब वे जसप्रीत बुमराह के बिना ही ऑस्ट्रेलिया की तेज और उछाल भरी पिचों पर विपक्षी बल्लेबाजों के सामने होंगे।

जसप्रीत बुमराह के जज्बात
बुमराह को भारतीय टीम का काफी महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है क्योंकि वह नई गेंद के साथ विकेट चटकाने के अलावा डेथ ओवर में भी रन रोकने की काबिलियत रखते हैं लेकिन वह लोअर बैक मैं स्ट्रेस फै्रक्चर की समस्या के चलते बाहर हो चुके हैं। बुमराह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही मौजूदा T20 सीरीज का भी एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए थे। अभी बीसीसीआई ने बुमराह जगह पर उनके रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की है लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज में मोहम्मद सिराज ने उनको रिप्लेस किया था।

मैं बहुत दुखी हूं
जाहिर है कि वे वर्ल्ड कप में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने से चूक गए हैं जो भारतीय टीम के साथ साथ के जसप्रीत के लिए व्यक्तिगत तौर पर भी बड़ा झटका है क्योंकि हर क्रिकेटर वर्ल्ड कप के हिसाब से ही अपनी टीम के लिए प्रदर्शन करता रहता है। ट्विटर पर अपना एक निराशाजनक फोटो शेयर करते हुए बुमराह लिखते हैं कि, मैं बहुत दुखी हूं कि मैं इस बार भाग नहीं ले पाऊंगा लेकिन मैं दुआओं, देखभाल और सहयोग के लिए शुक्रगुजार हूं जो मुझे प्यार करने वाले लोगों ने मुझे भेजे हैं।

टीम इंडिया के कैंपेन के लिए चीयर्स करता रहूंगा
बुमराह आगे कहते हैं कि वे अपनी रिकवरी के दौरान भारतीय टीम के लिए ताली बजाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि, मैं ऑस्ट्रेलिया में टीम इंडिया के कैंपेन के लिए चीयर्स करता रहूंगा।
बीसीसीआई ने सोमवार को ही इस बात की आधिकारिक तौर पर पुष्टि की थी कि बुमराह टीम इंडिया का T20 वर्ल्ड कप अभियान नहीं खेल पाएंगे। बीसीसीआई ने एक बयान में कहा था, बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने जसप्रीत बुमराह को आईसीसी मेंस T20 वर्ल्ड कप स्क्वाड के लिए बाहर कर दिया है। यह फैसला तब लिया गया जब बुमराह की डिटेल जांच हुई है और स्पेशलिस्ट के साथ भी बातचीत की गई है। माना जा रहा है कि भारत मोहम्मद शमी और दीपक चाहर जैसे स्टैंडबाई खिलाड़ियों में से किसी एक को चुन सकता है। टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप के लिए इन दो तेज गेंदबाजों को स्टैंडबाई के तौर पर चुना हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications