पाकिस्तान सेर तो भारत सवा सेर : ऐतिहासिक जीत के पांच टर्निंग प्वाइंट्स
मेलबॉर्न क्रिकेट ग्राउंड पर भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज की। विराट कोहली ने अपनी यादगार पारी से भारत को हारा हुआ मैच जीता दिया।
India vs Pakistan, Highlights: मेलबॉर्न क्रिकेट ग्राउंड पर भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज की। विराट कोहली ने अपनी यादगार पारी से भारत को हारा हुआ मैच जीता दिया। जब 31 रन पर भारत के चार विकेट गिर गये थे तब पाकिस्तान की जीत आसान लग रही थी। भारत के खेलप्रेमी निराश थे। लेकिन कोहली और हार्दिक पांड्या ने चमत्कार कर दिया। असंभव को संभव बना दिया। इस मैच के पांच टर्निंग प्वाइंट रहे जिसने भारत की झोली में जीत डाल दी।

सेर पर सवा सेर
पाकिस्तान 15 रन पर दो विकेट गंवा कर मुश्किल में था। बाबर-रिजवान के आउट होने से दबाव बढ़ गया था। लेकिन अंतिम दस ओवर में 99 रन बना कर पाकिस्तान ने मैच में वापसी कर ली थी। 159 रन बना कर चुनौतीपूर्ण स्कोर बना लिया था। लेकिन भारत ने इससे भी लाजवाब खेल दिखाया। भारत ने दिखाया कि अगर पाकिस्तान सेर है तो वह सवासेर। उसने और भी मुश्किल परिस्थिति से खुद को उबारा और अंतिम दस ओवर में 115 रन ठोक दिये। भारत ने पहले दस ओवर में सिर्फ 45 रन बनाये थे और उसके चार विकेट आउट हो चुके थे। लेकिन इसके बाद विरोट कोहली और हार्दिक पांड्या ने 113 रनों की साझेदारी कर मैच का नक्शा पलट दिया। पहले 10 ओवरों में पाकिस्तान ने दो विकेट के नुकसान पर 60 रन बनाये थे। इस मुकाम पर भारत, पाकिस्तान से 15 रन पीछे था। इसकी भरपायी उसने बाद के दस ओवरों में कर दी। इस फर्क ने भारत को जीत दिला दी।

तीन छक्के, कुल 20 रन बने
10 वें ओवर तक भारत हारता हुआ दिख रहा था। 45 पर 4 का स्कोर बहुत ही निराशाजनक था। विकेट पर कोहली और हार्दिक पांड्या थे। उन्हें विकेट भी बचाना था और रनगति भी बढ़ानी थी। हार्दिक ने कोहली से कहा आप संभल कर खेलिए, मैं रिस्क उठाता हूं। आक्रमण की शुरुआत हार्दिक ने की। शादाब के 11 वें ओवर में उन्होंने एक चौका लगाया। कुल 11 रन बने। लेकिन मैच का टर्निंग प्वाइंट था 12वां ओवर। मोहम्मद नवाज के इस ओवर में हार्दिक ने दो छक्के लगाये। एक छक्का कोहली ने लगाया। कुल 20 रन बने। ये 20 रन गेम चेंजर साबित हुए। इसी ओवर से मैच भारत की तरफ झुकने लगा था।

15वेंओवर में पाकिस्तान की गलती
15 ओवर तक मैच बिल्कुल खुला हुआ था। भारत को जीत के लिए 30 गेंदों में 60 रन बनाने थे। 12 रन प्रति ओवर की दर से रन बनाना कोई आसान काम नहीं था। वह भी पाकिस्तान की बेहतरीन गेंदबाजी के सामने। कोहली- हार्दिक की जोड़ी जमने लगी थी। बाबर आजम की चिंता बढ़ने लगी थी। वे विकेट की तलाश में थे। मजबूरी में उन्हें नसीम शाह को बॉलिंग के लिए बुलाना पड़ा। इस मजबूरी ने पाकिस्तान को एक बड़ी मुश्किल में डाल दिया । स्पिनर मोहम्मद नवाज का एक ओवर बच रहा था। बाबर इसे आखिर के लिए टालते रहे। यहीं हार्दिक और कोहली ने ताड़ लिया कि उन्हें कभी न कभी नवाज का वो ओवर मिलेगा जिसमें वे बड़े शॉट्स लगा सकते हैं। आखिरकार 20वें ओवर में भारत की यह तमन्ना पूरी हुई। कई जानकारों का कहना है कि 15वां ओवर नवाज को डालना चाहिए था। लेकिन बाबर ने नसीम को बुला कर गलती कर दी। वैसे इस जीत का निर्णायक मोड़ आया था 18वें ओवर में।

18वें-19वें ओवर में मैच पलटा
मैच ऊपर-नीचे हो रहा था। 17 वें ओवर तक एक बार फिर पाकिस्तान ने दबदबा बना लिया था। अब भारत को जीत के लिए अंतिम तीन ओवरों में 48 रन बनाने थे। यानी 16 रन प्रतिओवर की दरकार थी। लक्ष्य कठिन था। इस अहम मौके पर कोहली ने अपना विराट रूप धारण किया। सामने थे शाहीन आफरीदी। पाकिस्तान ने उनकी हवा बना रखी थी। लेकिन कोहली ने आफरीदी के गुरूर को तोड़ने का फैसला किया। उनके 18वें ओवर में कोहली तीन चौके लगाये। कुल 17 रन बने। भारत फिर मैच में वापस आ गया। अब अंतिम दो ओवरों में 31 रन की जरूरत थी। 19 वां ओवर हारिस रऊफ फेंकने आये। पाकिस्तान के सबसे तेज और असरदार गेंदबाज के सामने कोहली ने अपने जीवन (टी-20) की सबसे उत्कृष्ट बल्लेबाजी की। रऊफ की पहली चार गेंदों पर केवल 3 रन बने थे। भारतीय समर्थकों में हताशा छायी हुई थी। पर आखिरी दो गेंदों पर कोहली ने करिश्मा कर दिया। रऊफ पर दो लगातार छक्के मार मैच फिर भारत की तरफ मोड़ दिया। अब अंतिम ओवर में जीत के लिए 16 रन बनाने थे।

9 गेंदों का अंतिम ओवर
मोहम्मद नवाज आखिरकार 20वें ओवर के लिए आये। एक स्पिनर के ओवर में 16 रन बनाना कोई मुश्किल काम नहीं था। इस दबाव में नवाज बिल्कुल बिखर गये। उनका होशो-हवाश पर काबू नहीं रहा। तनाव में उन्होंने इसे 9 गेंदों का ओवर बना दिया। इस अहम मुकाम पर भारत को तीन अतिरिक्त गेंदें खेलने को मिली। एक फ्री हिट मिला। इसलिए 20वें ओवर में हार्दिक और कार्तिक के आउट होने से भी कोई फर्क नहीं पड़ा। नवाज ने भारत का काम आसान कर दिया। कोहली ने नवाज के नोबॉल पर छक्का मार कर जीत का समीकरण बदल दिया। नवाज की पांचवीं गेंद पर कार्तिक आउट हो गये। अब एक गेंद पर दो रन बनाने थे। स्ट्राइक पर अश्विन थे। लेकन नवाज ने छठी गेंद वाइड डाल कर भारत का स्कोर 159 पर पहुंचा दिया। अब मैच टाई हो चुका था। जीत के लिए एक गेंद पर एक रन चाहिए था। नवाज को आखिरी गेंद फिर डालनी पड़ी जिस पर अश्विन ने एक रन बना कर भारत को ऐतिहासिक जीत दिला दी।












Click it and Unblock the Notifications