BCCI-PCB की तकरार का T20 WC में खिलाड़ियों पर पड़ेगा कितना प्रभाव, रोजर बिन्नी का क्या है कहना
भारतीय क्रिकेट बोर्ड के नए अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने गुरुवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के बीच हुई हालिया तकरार के टी20 वर्ल्ड कप में खिलाड़ियों पर पड़ने वाले असर के बारे में बात की। एशिया कप 2023 को लेकर यह विवाद शुरू हुआ था जहां एशिया क्रिकेट काउंसिल के प्रेसीडेंट जय शाह ने कहा था कि भारत अगले साल एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगा बल्कि यह प्रतियोगिता न्यूट्रल जगह पर होगी। जय शाह बीसीसीआई के सचिव भी हैं और ये बयान पीसीबी में काफी खराब तरीके से लिया गया है।

बीसीसीआई इस पर अकेला फैसला नहीं कर सकता
रमीज राजा की अध्यक्षता वाली पीसीबी ने इस बार बीसीसीआई को आसानी से नहीं छोड़ने का फैसला किया है और साफ किया है कि अगर भारत अगले साल पाकिस्तान नहीं आता तो पाक भी अगले ही साल भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप का बहिष्कार करेगा। अब ये सब चीजें तब हो रही हैं जब दोनों देशों के बीच मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में 23 अक्टूबर को मैच होने जा रहा है। रोजर बिन्नी साफ कर चुके हैं ये फैसला सरकार को करना होता है कि हमारी टीम किस देश जाएगी। बीसीसीआई इस पर अकेला फैसला नहीं कर सकता।

एक गर्मजोशी का माहौल दिखना शुरू हो रहा था
जबकि पीसीबी का कहना है कि वह जय शाह के स्टैंड से दंग है क्योंकि शाह के चेयरपर्सन होते ही यह तय हुआ था कि अगले साल एशिया कप की मेजबानी के अधिकार पाकिस्तान के पास होंगे।
एक तरफ ये नई दरार आई है तो दूसरी तरफ भारत-पाकिस्तान के क्रिकेटरों में एक दूसरे को लेकर एक गर्मजोशी का माहौल दिखना शुरू हो रहा था। टी20 वर्ल्ड कप के आगाज के समय बाबर आजम के बर्थडे पर रोहित शर्मा भी केक कटिंग के मौके पर मौजूद थे।

रोजर बिन्नी का क्या है कहना
इस पर बात करते हुए रोजर बिन्नी ने इंडिया टुडे से कहा है कि, मुझे नहीं लगता इससे खिलाड़ियों को फर्क पड़ेगा। आप बीसीसीआई को दोष नहीं दे सकते, आप क्रिकटरों को भी इसके लिए दोष नहीं दे सकते। पहले जब भारत को एशिया कप की मेजबानी मिली तो भारत ने उसको यूएई में ट्रांसफर कर दिया क्योंकि पाकिस्तान यहां पर नहीं आ सकता था। हम रातों-रात चीजों को नहीं बदल सकते। इसमें और समय लगेगा। जब सही समय आएगा तब पाकिस्तान की टीम से भारत खेलने लगेगा।

पब्लिक प्रेशर बनाती है
बिन्नी ने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली जाती है। भारत-पाक खिलाड़ियों के बीच अच्छे ताल्लुकात हैं। बिन्नी का यह भी कहना है कि बड़ी प्रतियोगिताओं में भारत-पाक मैच को लेकर जो हाइप बनाई जाती है उससे खिलाड़ियों पर इतना दबाव तब भी नहीं होता होगा क्योंकि उनको अपने फैंस का भरपूर सपोर्ट रहता है।
उन्होंने कहा, मुझे लगता है पब्लिक प्रेशर बनाती है। वे खिलाड़ियों से ज्यादा तनाव में रहते हैं। ये अच्छा है कि वे अपने खिलाड़ियों का साथ देते हैं।
फिलहाल भारत-पाकिस्तान मेलबर्न में मंगलवार को पहुंच चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications