कुछ शानदार बदलाव, कुछ बड़े झटके, 2021 से कितनी अलग है इस बार की T20 वर्ल्ड कप टीम
नई दिल्ली, 13 सितंबर: भारत ने T20 वर्ल्ड कप के लिए 15 मेंबर की टीम घोषित कर दी है। यह विश्व कप ऑस्ट्रेलिया में अक्टूबर और नवंबर में होने जा रहा है। पिछले साल हुए वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। संयुक्त अरब अमीरात में हुए इस इवेंट के बाद कोहली और शास्त्री युग की समाप्ति हो गई थी और रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट ने नया चैप्टर खोला था। अब भारत ने जो अपनी टीम घोषित की है उसमें कई खिलाड़ी वही है जो पिछले टीम में थे।

भारत का टॉप ऑर्डर-
हालांकि कुछ युवा नामों की एंट्री आपको दिखाई देगी क्योंकि भारतीय क्रिकेट ने पिछले 1 साल से काफी प्रयोग किए हैं और कई खिलाड़ियों को अपने पूल में शामिल किया है।
भारत का टॉप ऑर्डर वही है जो पिछले साल था। इसमें कप्तान बदले हैं क्योंकि रोहित शर्मा अब कप्तान है, केएल राहुल उपकप्तान हैं और विराट कोहली नंबर तीन पर है। आइए देखते हैं इन दो विश्व कप टीमों के बीच में क्या फर्क है।

दीपक हु्ड्डा 'इन', ईशान किशन 'आउट'
सबसे पहले तो दीपक हुड्डा को ईशान किशन की जगह मौका दिया गया है। हुड्डा ने आईपीएल में भी प्रभावित किया और वे एक ऑलराउंडर की भूमिका निभा सकते हैं। बड़ौदा से अपना क्रिकेट छोड़ने के बाद हुड्डा ने अपने करियर को एक अलग ही शेप दी है। ईशान किशन को उनकी खराब परफॉर्मेंस का भी नुकसान हुआ जिसके चलते हुड्डा ने तुरंत अपनी जगह पक्की कर ली।

दिनेश कार्तिक की जबरदस्त एंट्री-
इस विश्वकप टीम में भी रवींद्र जडेजा होने लगभग तय थे लेकिन वह घुटने की सर्जरी के चलते बाहर है और दिनेश कार्तिक को जगह मिली है। दिनेश कार्तिक ने अपने खेल को जबरदस्त तरीके से बदला है। उन्होंने आईपीएल में बहुत शानदार प्रदर्शन किया और इंटरनेशनल क्रिकेट में भी अपनी फॉर्म को जारी रखा।

स्पिन डिपार्टमेंट में अहम बदलाव-
हम देख सकते हैं पिछली टीम की तुलना में इस साल की टीम में स्पिन डिपार्टमेंट में अहम बदलाव हुए हैं। इस बार वरुण चक्रवर्ती दिखाई नहीं देंगे और डेथ ओवर के स्पेशलिस्ट हर्षल पटेल अपने मौके को भुनाते हुए नजर आएंगे। हर्षल पटेल ने अपना एक मुकाम बनाया है वह एक रहस्यमई तेज गेंदबाज के तौर पर उभरे हैं जिनके पास बहुत सारी वेरिएशंस मौजूद हैं। पटेल ने आरसीबी के लिए बेहतरीन काम किया तो दूसरी ओर वरुण चक्रवर्ती यह प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। वे निकट भविष्य में भी भारतीय क्रिकेट टीम में सिलेक्शन की कतार में नहीं हैं।

युजवेंद्र चहल को मिली राहुल चाहर पर वरीयता-
पिछले वर्ल्ड कप में बड़े जोर-शोर से राहुल चाहर को जगह मिली थी लेकिन यह खिलाड़ी अपना प्रभाव छोड़ने में बुरी तरह नाकाम रहा है। राहुल चाहर को यूएई की पिचों का फायदा उठाने के लिए भेजा गया था क्योंकि वे थोड़ा अधिक गति से गेंदबाजी करते हैं पर चयनकर्ताओं का यह पैंतरा बिल्कुल काम नहीं कर पाया था। इसके बाद युजवेंद्र चहल ने अपना खोया आत्मविश्वास हासिल किया, लगातार विकेट चटकाए और अपनी नई आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के साथ-साथ भारत के लिए भी अहम साबित हुए। उन्होंने आईपीएल 2022 में 27 विकेट लिए थे जबकि राहुल चाहर केवल 14 ही ले पाए थे।

मोहम्मद शमी की जगह पर अर्शदीप सिंह-
एक अजीबोगरीब कॉल मोहम्मद शमी पर ली गई है जिनको रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर रखा गया है और अर्शदीप सिंह को मौका दिया गया है। ऐसा लगता है कि भारतीय क्रिकेट टीम टी20 स्पेशलिस्ट को लेकर चल रही है, जैसे हर्षल पटेल और अर्शदीप सिंह। शमी ऑस्ट्रेलिया में बेहतर साबित हो सकते थे लेकिन इससे भी कोई इनकार नहीं कर सकता कि कभी-कभी वह बहुत ज्यादा खर्चीले भी साबित हो सकते हैं। वे शुरुआत में विकेट नहीं ले पाए तो डेथ ओवरों में बहुत बुरी तरह पिटाई संभव है। जबकि अर्शदीप सिंह की कुछ यॉर्कर रनों का बहाव रोकने में कुछ मददगार साबित होती हैं। हालांकि युवा है और ऑस्ट्रेलिया में उनका प्रदर्शन देखने लायक होगा।

एक साल का बदलाव- एक नजर
पिछले विश्व कप के बाद भारतीय टीम ने अपने आप को काफी बदला है। रोहित आईपीएल के सबसे सफल कप्तान हैं और वे नई अप्रोच के साथ टी-20 विश्व कप में जा रहे हैं। लेकिन एशिया कप 2022 एक काफी बड़ा झटका है जहां टीम इंडिया को श्रीलंका और पाकिस्तान दोनों ने हराया और वे फाइनल तक पहुंचने में भी नाकाम रहे।
इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने जो टीम चुनी है उसमें कोई हड़बड़ाहट में लिया गया फैसला नहीं दिखाई देता है। यह वही 15 खिलाड़ी है जो परफॉर्म करते आए हैं। मोहम्मद शमी को बाहर निकालने पर लोगों की नाराजगी तो है लेकिन T20 स्पेशलिस्ट के तौर पर अर्शदीप सिंह को लेना इतना बुरा फैसला भी नहीं है। हालांकि इनके पास अनुभव कम है और यही बात शमी के पक्ष में जा रही थी।












Click it and Unblock the Notifications