T20 WC 2022: 'भारत जीते विश्वकप, मेरा लाल करे कमाल... 'सूर्यकुमार की मां ने मांगी मन्नत, क्या रंग लाएगी दुआ?
Suryakumar Yadav: 'अरे वो एलियन है, वो इस ग्रह का वासी नहीं है'... 'अरे उसका नाम मिस्टर 360 डिग्री है'... 'अरे वो जब मैदान पर हो तो कुछ अभी असंभव नहीं', 'वो Surya नहीं Super Star है'.. जी हां आज कल ऐसे ही बातें फैंस करते हैं टीम इंडिया के डैशिंग क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव के लिए, जिनका बल्ला इस वक्त टी-20 विश्वकप में आग उगल रहा है। मैदान पर उनके शॉट्स जहां विरोधियों को पस्त किए हुए हैं, तो वहीं दूसरी ओर दिग्गज उनके नए-नए शाट पर रिसर्च कर रहे हैं।

टी-20 विश्वकप में सूर्य कुमार यादव में अब तक 5 मैच में 75 के एवरेज से 225 रन बनाए हैं, जिसमें 3 पचासा शामिल है। हर किसी को उम्मीद है कि सेमीफाइनल में भी वो ताबड़तोड़ बैटिंग करेंगे। पूरा देश इस वक्त टीम इंडिया और सूर्यकुमार यादव के लिए ऊपर वाले से मन्नत मांग रहा है तो वहीं इन दुआओं में एक आवाज उनकी भी है, जो सूर्यकुमार यादव की शक्ति हैं, जी हां, हम बात कर रहे हैं उनकी मां स्वप्ना देवी की, जिन्होंने इस बार छठ मईया से प्रार्थना की है कि 'भारत टी-20 विश्वकप जीत जाए और उनके बेटे का बल्ला दुश्मनों के छक्के छुड़ा दे।'

आपको बता दें कि यूपी के हथौड़ा गांव यानी कि सूर्यकुमार के गांव में इस वक्त जोरों से पूजा-पाठ चल रहा है, उनके परिवार समेत पूरा गांव केवल यही ऊपर वाले से प्रार्थना कर रहा है कि इस बार विश्वकप की ट्रॉफी इंडिया ही लेकर आए। अपने लाल की कामयाबी के लिए मां श्वेता ने ना जाने कितनी मनौतियां मान रखी हैं। आज से करीब सात साल पहले उन्होंने सूर्यकुमार के इंडियन टीम में सेलेक्शन के लिए छठ पूजा करने की मनौती मानी थी और जब सूर्यकुमार यादव का सेलेक्शन हो गया तब से वो ये व्रत करती आ रही हैं।
'भारत ये विश्वकप जीत जाए और सूर्य अपना अच्छा प्रदर्शन करें'
उन्होंने इस बार भी पूरे विधि विधान से छठ की पूजा की है। उन्होंने कहा कि 'इस बार मैंने सूर्य देव और छठ मईया से केवल यही मांगा है कि भारत ये विश्वकप जीत जाए और सूर्य अपना अच्छा प्रदर्शन करें। उन्होंने बताया कि 'वैसे तो उनकी छठ पूजा में हर बार उनका पूरा परिवार शामिल होता है लेकिन इस बार टी-20 विश्वकप की वजह से सूर्य उनके साथ यहां नहीं था लेकिन पूरी पूजा के दौरान वो वीडियो कॉल के जरिए हमसे जुड़ा हुआ था।'

आपको बता दें कि अपनी मां को अपनी ताकत मानने वाले सूर्यकुमार यादव की बांह में एक टैटू है जिसमें उनकी मम्मी-पापा की तस्वीर है। उनके पिता अशोक यादव मुंबई के भाभा रिसर्च सेंटर में इंजीनियर हैं। उनका कहना है कि सूर्य हमेशा से अपनी मां के काफी क्लोज रहा है। आज भी जब मैच के लिए बस में बैठता है तो मां को ही फोन करता है और मैच ओवर होने के बाद भी मम्मी को ही अपनी पूरे मैच की सारी स्टोरी बताता है। भले ही वो आज बड़ा है,समझदार है लेकिन आज भी वो अपनी मम्मी का लाडला बच्चा है, जिसे हर बात के लिए मां ही चाहिए।

आपको बता दें कि टीम इंडिया 10 नवंबर को एडीलेड T-20 world cup के सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड से भिड़ने वाली है। जबकि पहला पहला सेमीफाइनल आज पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है।इन दोनों मुकाबले में जो टीम विजयी होगी उन्हीं के बीच में फाइनल मैच 13 नवंबर को खेला जाएगा। कहते हैं मां की दुआओं में बहुत शक्ति होती है, इसलिए उम्मीद की जा रही है कि भारत और सूर्य दोनों ही बड़ा कमाल करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications