IND vs SA: क्या साउथ अफ्रीका के खिलाफ बाहर होंगे अभिषेक शर्मा? सूर्यकुमार यादव ने साफ़ कर दी स्थिति
IND vs SA: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड का बिगुल बज चुका है। रविवार को टीम इंडिया का सामना दक्षिण अफ्रीका से होना है, लेकिन इस बड़े मैच से पहले हर किसी की जुबान पर बस एक ही सवाल है कि क्या लगातार तीन मैचों में जीरो पर आउट होने वाले अभिषेक शर्मा को बाहर किया जाएगा?
क्या उनकी जगह संजू सैमसन को ओपनिंग का मौका मिलेगा? मैच की पूर्व संध्या पर हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इन सभी सवालों का ऐसा जवाब दिया कि सारी बहस ही खत्म हो गई।

अभिषेक के बारे में सूर्या ने क्या कहा?
जब सूर्या से अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म और संजू सैमसन को प्लेइंग-11 में शामिल करने पर सवाल हुआ, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "सच कहूं तो मैं उन लोगों के लिए ज्यादा चिंतित हूं, जो अभिषेक की फॉर्म को लेकर परेशान हैं। अभिषेक ने पिछले एक साल में हमारे लिए जो किया है, उसे हम भूल नहीं सकते। अगर अभी उनका समय खराब चल रहा है, तो एक टीम के तौर पर यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम उन्हें पूरा सपोर्ट दें।"
सैमसन की नहीं बनेगी जगह
कप्तान के इस बयान से एक बात तो तय हो गई है कि संजू सैमसन के फैंस को अभी और इंतजार करना पड़ेगा। सूर्या ने साफ संकेत दे दिया है कि टीम मैनेजमेंट फिलहाल अभिषेक को बाहर बैठाने के मूड में नहीं है। कप्तान का मानना है कि अभिषेक एक 'इम्पैक्ट प्लेयर' हैं और वो बस एक अच्छी पारी की दूरी पर हैं। ऐसे में पूरी उम्मीद है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी अभिषेक शर्मा ही पारी की शुरुआत करते नजर आएंगे।
अभिषेक शर्मा रहे हैं लगातार फ्लॉप
अभिषेक शर्मा ने इस वर्ल्ड कप में अमेरिका, पाकिस्तान और नामीबिया के खिलाफ लगातार तीन बार शून्य पर आउट होकर एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इसके बावजूद कप्तान का उन पर इतना भरोसा दिखाना बड़ी बात है। सूर्या का यह स्टैंड बताता है कि मौजूदा टीम मैनेजमेंट अपने मैच-विनर खिलाड़ियों को बुरे वक्त में अकेला छोड़ने के बजाय उन्हें 'बैक' करने में यकीन रखता है।
अब सारी जिम्मेदारी अभिषेक के कंधों पर है। उन्हें कल अहमदाबाद के मैदान पर यह साबित करना होगा कि उनके कप्तान ने उन पर जो भरोसा जताया है, वो सही है। उधर अभिषेक शर्मा ने भी कहा है कि वह तूफानी अंदाज में खेलने वाले अंदाज को नहीं छोड़ेंगे और उसी तरह से बैटिंग करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications