Surya Kumar Yadav सिर्फ दूसरे बैटर जिन्होंने 50 से कम गेंदों पर 4 टी-20 शतक मारे
सूर्यकुमार यादव ने शुक्रवार को खेले गए आईपीएल मैच में गुजरात के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए शतक जमा दिया था।

Suryakumar Yadav: विश्व में सिर्फ दो बल्लेबाज ही ऐसे हैं जिन्होंने टी-20 में 50 से कम गेंदों पर 4 शतक लगाये हैं। एक हैं सूर्य कुमार यादव और दूसरे हैं क्रिस गेल। सूर्या ने शुक्रवार को गुजरात के खिलाफ 49 गेंदों पर 103 रन बना कर अपने आइपीएल करियर का पहला शतक लगाया। इसके अलावा उन्होंने टी-20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के खिलाफ एक- एक शतक लगाया है। ये तीनों शतक 50 से कम गेंदों पर बने हैं। पिछले दिनों वे खराब फॉर्म से जूझ रहे थे। खास कर एकदिवसीय मैचों में। लेकिन अब वे पुरानी रंगत में लौट आये हैं। आइपीएल 2023 में उन्होंने 12 मैचों में एक शतक और चार अर्धशतक के जरिये 479 रन बनाये हैं और भी तीसरे स्थान पर हैं। गुजरात के खिलाफ लगाये गये शतक को वे अपने क्रिकेट करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी मानते हैं।
SRH vs LSG: क्रुणाल पांड्या की फिरकी का चला जादू, दो गेंदों में लगातार विकेट, देखें यह वीडियो
48 गेंदों पर पहला शतक
सूर्य कुमार यादव ने पहला टी-20 इंटरनेशनल शतक इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई 2022 में लगाया था। उन्होंने केवल 48 गेंदों पर शतक पूरा कर लिया था। पहले 50 रन उन्होंने 32 गेंदों पर बनाये थे। दूसरे 50 रन बनाने के लिए उन्होंने सिर्फ 16 गेंदें खेली थीं। इस मैच में सूर्या ने 55 गेंदों पर 117 रन बनाये थे। सूर्या की इस आतिशी पारी के बावजूद भारत जीत नहीं पाया था। भारत की पारी 198 रनों पर ठहर गयी और इंग्लैंड ने 17 रनों से यह मैच जीत लिया था। लेकिन इस मैच में सूर्या ने जो कलात्मक और प्रयोगात्मक बल्लेबाजी की थी उससे उनकी टी-0 क्रिकेट में धाक जम गयी थी।
49 गेंदों पर दूसरा शतक
चार महीने बाद सूर्य कुमार यादव ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में फिर एक विस्फोटक शतक लगाया। नवम्बर 2022 में भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ माउंट माउंगानुई में दूसरा टी-20 इंटरनेशनल मैच खेला गया था। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी की थी। सूर्या नम्बर तीन पर बैटिंग के लिए आये थे। उन्होंने इस मैच में 49 गेंदों पर शतक बनाया था। पहले 50 रन 32 गेंदों पर और दूसरे 50 रन 17 गेंदों पर बनाये थे। उन्होंने कुल 111 रन बनाये ते जिसके लिए 51 गेंदें खेली थीं। भारत ने यह मैच 65 रनों से जीती था। इस मैच के 19वें ओवर में सूर्या ने 22 रन लिये थे। 6 गेंदों पर उनका स्कोर था- 4,0,4,4,4,6 और इस तरह उन्होंने न्यूजीलैंड के सबसे तेज गेंदबाज लौकी फर्ग्यूसन की बखिया उधेड़ दी थी।
तीसरा शतक 45 गेंदों पर
इस साल के शुरू में सूर्या ने श्रीलंका के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल में 45 गेंदों पर शतक बनाया था। टी-20 इंटरनेशनल में यह किसी भारतीय बल्लेबाज का दूसरा सबसे तेज शतक था। सबसे तेज टी-20 शतक बनाने का विश्व रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। उन्होंने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ केवल 35 गेंदों पर शतक लगाया था। जनवरी 2023 में श्रीलंका और भारत के बीच राजकोट में तीसरा टी-20 इंटरनेशनल मैच खेला गया था। इस मैच में भारत ने पहले खेल कर 228 रन बनाये थे। सूर्य कुमार यादव के शतक की बदौलत भारत ने ये विशाल स्कोर बनाया था। सूर्या ने पहले 50 रन 26 गेंदों पर और दूसरे 50 रन 19 गेंदों पर बनाये थे।
IPL 2023- खराब शुरुआत के बाद पलटवार
इस सीजन मुम्बई ने अपना पहला मैच 5 मार्च को बैंगलोर के खिलाफ खेला था। इस मैच में सूर्या केवल 15 रन बना सके थे। मुम्बई ये मैच हार गया था। सूर्या दूसरे मैच में चेन्नई के खिलाफ केवल 1 रन सके थे। ये मैच भी मुम्बई हार गया था। तीसरे मैच में सूर्या 0 पर आउट हो गये थे। इसके बाद उनके खराब फॉर्म को लेकर आलोचना शुरू हो गयी थी। उनका बल्ला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से ही रुठा हुआ था। लेकिन उन्होंने तमाम आलोचना के बीच अपना धैर्य को बनाये रखा। फिर उन्होंने कोलकाता के खिलाफ 25 गेंदों पर 43 रन बना कर अपने खोये हुए आत्मविश्वास को हासिल किया। हालांकि अगले मैच में वे हैदराबाद के खिलाफ केवल 7 रन पर आउट हो गये। लेकिन इसके बाद तो उनकी कायापलट ही हो गयी। फिर उन्होंने 57, 23, 55, 66, 26, 83 और 103 रनों की पारियां खेलीं।
छक्के से शतक बनाया
आइपीएल में अभी तक किसी बल्लेबाज ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतक नहीं लगाया था। लेकिन सूर्य कुमार यादव ने इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया। वे पहले बल्लेबाज बने जिन्होंने गुजरात की मजबूत गेंदबाजी के सामने 103 रनों की पारी खेली। इसके पहले गुजरात के खिलाफ सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 92 रन था जिसे चेन्नई के ऋतुराज गायकवाड़ ने बनाया था। सूर्या ने गुजरात के खिलाफ अपने दमखम से शतक पूरा किया था। 19वां ओवर जब खत्म हुआ तो सूर्या 44 गेंदों पर 87 रन बना कर खेल रहे थे। अल्जारी जोसेफ के 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने 2 रन लिये। तीसरी गेंद पर कोई रन नहीं बना। चौथी गेंद पर उन्होंने छक्का मार दिया। अब उनका स्कोर 95 पर पहुंच गया। पांचवीं गेंद पर दो रन लिये। सूर्या 97 पर पहुंचे। अब शतक के लिए आखिरी गेंद पर कम से कम चौका चाहिए था। लेकिन सूर्या ने अपने बेखौफ अंदाज में छक्का मार कर शान से शतक पूरा कर लिया। राजस्थान के बल्लेबाज यशस्वी जायसावल को भी कोलकाता के खिलाफ अंतिम गेंद पर छक्का मार कर शतक पूरा करने करने मौका था। वे 94 पर थे और शतक के लिए अंतिम गेंद पर 6 रन चाहिए थे। लेकिन यशस्वी सिर्फ चौका ही मार सके और वे 98 पर नाबाद रह गये। सूर्या तो सूर्या हैं !












Click it and Unblock the Notifications