SRH और RR ने सलीम दुर्रानी को दी विशेष श्रद्धांजलि, क्रिकेटर और दर्शकों ने रखा दो मिनट का मौन, देखें Video
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर सलीम दुर्रानी का 88 साल की उम्र में निधन हो गया। दुर्रानी के निधन पर सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स ने रविवार को हैदराबाद में अपने मुकाबले से पहले पूर्व स्टार को विशेष श्रद्धांजलि दी।

IPL 2023, SRH vs RR: सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स ने रविवार को हैदराबाद में अपने मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार क्रिकेटर सलीम दुर्रानी को विशेष श्रद्धांजलि दी। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर दुर्रानी (Salim Durrani) का कैंसर की बीमारी के कारण 88 साल की उम्र में निधन हो गया। एक समय ऐसा भी था, जब दुर्रानी एक प्रसिद्ध क्रिकेटर हुआ करते थे और दुनियाभर में उनकी बड़ी हिटिंग की सराहना की गई थी।
क्रिकेटरों और दर्शकों ने रखा दो मिनट का मौन
राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में मौजूद क्रिकेटरों और दर्शकों ने शोक व्यक्त करने के लिए दो मिनट का मौन रखा। अंपायरों के साथ-साथ सभी क्रिकेटरों ने भी उनके सम्मान में काली पट्टी बांध रखी थी। इसके साथ ही आज के मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान एडिन मार्कम की गैर-मौजूदगी में भुवनेश्वर कुमार कप्तानी कर रहे हैं। इस मैच में हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
क्रिकेट के दिग्गज थे सलीम दुर्रानी- पीएम मोदी
सलीम दुर्रानी के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी कुछ पुरानी तस्वीरें शेयर करते हुए दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर लिखा, 'सलीम दुर्रानी जी का गुजरात से बहुत पुराना और गहरा नाता रहा है। वह कुछ वर्षों तक सौराष्ट्र और गुजरात के लिए खेले। उन्होंने गुजरात को अपना घर भी बनाया। मुझे उनके साथ बातचीत करने का अवसर मिला है और मैं उनके बहुमुखी व्यक्तित्व से बहुत प्रभावित हुआ हूं। उनकी कमी जरूर खलेगी। सलीम दुरानी जी क्रिकेट के दिग्गज थे, अपने आप में एक संस्था थे।'
'दुर्रानी का क्रिकेट की दुनिया में भारत के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान'
प्रधानमंत्री ने लिखा कि, उन्होंने क्रिकेट की दुनिया में भारत के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मैदान के अंदर और बाहर वह अपने अंदाज के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से आहत हूं। उसके परिवार तथा मित्रों के लिए संवेदनाएं। उसकी आत्मा को शांति मिलें।' पीएम मोदी ने आगे लिखा कि, 'मुझे कई मौकों पर महान सलीम दुर्रानी जी से बातचीत करने का अवसर मिला। ऐसा ही एक अवसर था जनवरी 2004 में जामनगर के एक कार्यक्रम में, जिसमें महान क्रिकेटर वीनू मांकड़ जी की प्रतिमा का उद्घाटन किया गया था। प्रस्तुत हैं कार्यक्रम की कुछ यादें।'
सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग 11
आज के मुकाबले में हैदराबाद की प्लेइंग 11 में शामिल किक्रेटरों में- अभिषेक शर्मा, मयंक अग्रवाल, राहुल त्रिपाठी, हैरी ब्रूक, वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स (विकेटकीपर), उमरान मलिक, आदिल राशिद, भुवनेश्वर कुमार (कप्तान), टी नटराजन और फजलहक फारूकी हैं।
राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग 11
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, रियान पराग, शिमरोन हेटमेयर, रविचंद्रन अश्विन, जेसन होल्डर, युजवेंद्र चहल, ट्रेंट बोल्ट, केएम आसिफ।












Click it and Unblock the Notifications