IPL: आईपीएल 2023 के टॉप-4 में पहुंच सकती है RCB, विराट कोहली की फॉर्म को लेकर सुनील गावस्कर ने दिया बड़ा बयान
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली कैपिटल्स के बीच बेंगलुरु में आईपीएल का 20वां मैच खेला जा रहा। दिल्ली के कप्तान डेविड वॉर्नर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी है। दोनों ही टीमें जीत की उम्मीद के साथ मैदान में पहुंच चुकी हैं।

IPL 2023, RCB vs DC: आईपीएल में आज शनिवार का दिन डबल हेडर मैच का है। दिन का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा है, जबकि दूसरे मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स का आमना-सामना होना है। आरसीबी (RCB) और डीसी का मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। बैंगलोर के लिए अच्छी बात ये है कि स्टार बल्लेबाज विराट कोहली शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। ऐसे में पूर्व क्रिकेटर सुनीव गावस्कर का कहना है कि विराट के फॉर्म में होने से आरसीबी के टॉप-4 में पहुंचने की संभावना बढ़ गई है।
विराट के बल्लेबाजी से बढ़ सकती है आरसीबी के जीतने की संभावना
विराट कोहली की फॉर्म को लेकर स्टार स्पोर्ट्स के क्रिकेट लाइव शो में गावस्कर ने कहा कि, 'इस साल आरसीबी की दावेदारी विराट कोहली पर है। अगर वह हर मैच में अच्छा खेलते हैं तो आरसीबी के जीतने की संभावना बढ़ जाएगी। विराट सबसे बड़े सुपरस्टार्स में से एक हैं और केवल आरसीबी ही नहीं बल्कि हर टीम के प्रशंसक उनके बल्ले से रन निकलते देखना चाहते हैं।'
दिल्ली की बल्लेबाजी टीम के लिए बनी चुनौती
वहीं, दूसरी तरफ दिल्ली केपिटल्स की खराब बल्लेबाजी और कम स्कोर टीम के लिए एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। कप्तान डेविड वार्नर की अगुवाई वाली टीम अब तक कुल चार मैच खेल चुकी है, लेकिन अभी तक टीम का खाता नहीं खुला है। वार्नर के स्ट्राइक रेट को लेकर लगातर सवाल उठाए जा रहे हैं। दिल्ली की हार में खराब बल्लेबाजी की सबसे बड़ी भूमिका रही है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ कप्तान डेविड वार्नर ने सीजन का अपना तीसरा अर्धशतक जरूर पूरा किया, लेकिन जिस धीमी गति से उन्होंने बल्लेबाजी की उसने सभी को हैरान कर दिया है।
वॉर्नर की बल्लेबाजी को लेकर हरभजन सिंह का मानना है कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी अपनी ही फ्रेंचाइजी के खिलाफ खेल रहे हैं। हरभजन ने इस संबंध में स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा कि, 'इस तरह के रन बनाने का क्या मतलब है। उन्हें तेजी से रन बनाने की जरूरत है। ऐसा लगता है जैसे वह अपनी ही टीम के खिलाफ खेल रहे हैं।' पूर्व स्पिनर ने खेल की आखिरी गेंद पर फिल्डिंग के प्रयास के लिए वार्नर की आलोचना भी की, जहां वह मुंबई इंडियंस को 2 रन लेने से रोकने में नाकाम रहे।












Click it and Unblock the Notifications