टेस्ट क्रिकेट में नो-बॉल पर गावस्कर का बड़ा सुझाव, अगर यह लागू हुआ तो गेंदबाजों की बढ़ेगी धड़कनें
Sunil Gavaskar: टेस्ट क्रिकेट में एक गेंदबाज का नो-बॉल करना सिर्फ एक अतिरिक्त रन देने तक सीमित नहीं रहता। कई बार यह किसी बल्लेबाज को एक और मौका दे देता है और मैच का रुख भी बदल सकता है। भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट के दौरान भी लगातार नो-बॉल ने ध्यान खींचा। इसी मुद्दे पर अब भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने अपनी राय रखी है।
गावस्कर ने मिड-डे के लिए लिखे अपने कॉलम में टेस्ट क्रिकेट में नो-बॉल के नियम को लेकर एक अलग सुझाव दिया। स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने जहां टेस्ट में भी नो-बॉल के बाद फ्री हिट देने का विचार रखा था, वहीं गावस्कर इससे सहमत नहीं हैं। उनका मानना है कि इससे टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजों को जरूरत से ज्यादा फायदा मिलेगा।

गावस्कर बताया धांसू इलाज
गावस्कर ने फ्री हिट के बजाय गेंदबाजों पर आर्थिक जुर्माना लगाने का सुझाव दिया। उनका विचार है कि पहली नो-बॉल पर एक तय रकम का जुर्माना हो और अगर वही गेंदबाज दोबारा गलती करता है तो जुर्माने की रकम भी बढ़ती जाए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि जुर्माने का कुछ हिस्सा गेंदबाजी कोच पर भी लगाया जा सकता है। इस तरह खिलाड़ी और कोच दोनों के लिए नो-बॉल को लेकर अतिरिक्त जिम्मेदारी तय होगी।
गावस्कर के सुझाव का मकसद सिर्फ सजा देना नहीं है। वह चाहते हैं कि खिलाड़ियों के पास ऐसी गलती से बचने की पर्याप्त वजह हो, क्योंकि मौजूदा दौर में तकनीक की मदद से गेंदबाजों के लिए अपनी गेंदबाजी पर नजर रखना पहले से आसान है।
टेस्ट में फ्री हिट देने से क्यों बदल सकता है खेल?
सफेद गेंद के क्रिकेट में नो-बॉल के बाद फ्री हिट काफी समय से खेल का हिस्सा है। बल्लेबाज को अगली गेंद पर आउट होने के कुछ तरीकों से सुरक्षा मिलती है, जिससे नो-बॉल की सजा और बड़ी हो जाती है। गावस्कर का तर्क है कि टेस्ट क्रिकेट का अपना अलग संतुलन है। यहां बल्लेबाज और गेंदबाज के बीच लंबे समय तक चलने वाली जंग इस फॉर्मेट की खासियत है। अगर नो-बॉल के बाद फ्री हिट जैसी अतिरिक्त सुविधा बल्लेबाज को मिलती है तो गेंदबाज की गलती की कीमत जरूरत से ज्यादा बढ़ सकती है।
उन्होंने यह भी ध्यान दिलाया कि टेस्ट क्रिकेट में बाउंड्री छोटी किए जाने और एक ओवर में बाउंसर की सीमा जैसे बदलावों से बल्लेबाजों के लिए रन बनाना पहले की तुलना में थोड़ा आसान हुआ है। ऐसे में वह नो-बॉल पर एक और बल्लेबाजी फायदा जोड़ने के पक्ष में नहीं हैं।
भारत ने दूसरे टेस्ट में किए 13 नो-बॉल
भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट में नो-बॉल की समस्या साफ नजर आई। भारतीय गेंदबाजों ने मुकाबले के दौरान कुल 13 नो-बॉल फेंकीं। इनमें से 11 नो-बॉल अकेले स्पिनर सरांश जैन और रवींद्र जडेजा के खाते में आईं। जडेजा के लिए यह समस्या नई नहीं है। गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में भी उन्होंने चार नो-बॉल फेंकी थीं। लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले जडेजा के करियर में ओवरस्टेपिंग के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications
