वेस्टइंडीज के तूफानी खिलाड़ी के संन्यास से आया भूचाल, आखिर क्यों 29 की उम्र में चला गया यह क्रिकेटर
Nicholas Pooran: वेस्टइंडीज क्रिकेट में उस समय भूचाल आ गया, जब एक धाकड़ खिलाड़ी ने रिटायरमेंट लेने की घोषणा कर दी। किसी ने नहीं सोचा था कि ऐसा भी होगा। विंडीज के लिए सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेलने वाला प्लेयर इस तरह खेल को अलविदा कह देगा।
दरअसल निकोलस पूरन ने रिटायरमेंट की घोषणा कर चौंकाने वाला काम किया है। उनके संन्यास को लेकर किसी ने कल्पना नहीं की थी क्योंकि अभी उम्र भी नहीं हुई थी। महज 29 साल की उम्र में ही निकोलस पूरन ने रिटायरमेंट की घोषणा कर दी।

वेस्टइंडीज क्रिकेट से ब्रेक मांगने के बाद पूरन को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में नहीं चुना गया था। टेस्ट क्रिकेट में कभी नहीं खेलने वाले पूरन ने टी20 में डेब्यू 2016 में किया था। इसके तीन साल बाद एकदिवसीय डेब्यू साल 2019 में हुआ था। विंडीज 2023 वर्ल्ड कप में जगह नहीं बना पाई, तब से पूरन ने भी यह प्रारूप नहीं खेला।
इसके अलावा उन्होंने वेस्टइंडीज टीम में फुल टाइम कप्तान के रूप में भी काम किया। दोनों प्रारूप में कुल 30 मुकाबले खेलने के बाद निकोलस पूरन 8 मुकाबले जीतने में सफल रहे। इस मामले में वह बुरी तरह फ्लॉप हो गए। ऑस्ट्रेलिया में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2022 के बाद उनको कप्तानी छोड़नी पड़ी, क्योंकि टीम का प्रदर्शन खराब रहा था।
Nicholas Pooran ने क्या कहा
अपने इन्स्टाग्राम पर पूरन ने रिटायमेंट के बारे में लिखा कि इस खेल से हम प्यार करते हैं, जिसमें हमें बहुत कुछ दिया और आगे भी देता रहेगा। इसने मुझे ख़ुशी, उद्देश्य, यादगार पल और वेस्टइंडीज के लोगों का प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया। उस मरून जर्सी को पहनकर राष्ट्रगान में खड़ा होना और हर बार मैदान पर उतरते हुए वेस्टइंडीज के लिए सब कुछ झोंक देना आदि बातें शब्दों में बयां नहीं की जा सकती। टीम की कप्तानी ऐसा सम्मान है, जो हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगा।
उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट में मेरा चैप्टर समाप्त हो रहा है लेकिन वेस्टइंडीज क्रिकेट के लिए प्यार कभी कम नहीं होगा। मैं टीम के आगे के सफर की सफलता के लिए मजबूती से कामना करता हूँ।
Nicholas Pooran का करियर
गौरतलब है कि पूरन ने इंटरनेशनल क्रिकेट में एकदिवसीय फॉर्मेट में 61 मुकाबले खेलकर 1983 रन बनाए। टी20 फॉर्मेट में उन्होंने 106 मुकाबले खेलकर 2275 रन बनाए। आईपीएल में वह लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हैं।












Click it and Unblock the Notifications