IND-W vs SL-W: भारतीय महिलाओं का धमाकेदार प्रदर्शन, पहले T20 में श्रीलंका को बुरी तरह चटाई धूल
IND-W vs SL-W: श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। टीम इंडिया में एक युवा क्रिकेटर का डेब्यू भी हुआ है।
19 साल की युवा क्रिकेटर वैष्णवी शर्मा का डेब्यू हुआ। वह बतौर स्पिनर टीम में आई। हरमनप्रीत कौर ने टॉस के समय इस डेब्यू क्रिकेटर के बारे में घोषणा की। हरमनप्रीत कौर ने चेज को आसान बताते हुए टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।

मध्य प्रदेश से आने वाली वैष्णवी का प्रदर्शन घरेलू क्रिकेट में काफी शानदार रहा है, इसी वजह से उनको टीम इंडिया में खेलने का मौका मिला है। सीनियर महिला टी20 में उनकी तरफ से 21 विकेट चटकाए गए। इससे कयास लग रहे थे कि वह अपना डेब्यू करने वाली हैं।
टॉस हारकर श्रीलंका महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 121 रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों के सधे हुए प्रदर्शन के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाज बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकीं, हालांकि विश्मी गुणरत्ने ने एक छोर संभालते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
सलामी बल्लेबाज विश्मी गुणरत्ने ने 43 गेंदों पर 39 रन की अहम पारी खेली, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल रहा। कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने तेज शुरुआत करते हुए 12 गेंदों में 15 रन बनाए, लेकिन वह ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सकीं और क्रांति गौड़ की गेंद पर आउट हो गईं। हसीनी परेरा (20 रन) और हर्षिता मडावी (21 रन) ने मध्यक्रम में योगदान दिया, मगर कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाई।
भारतीय टीम की फील्डिंग भी शानदार रही और श्रीलंका के तीन बल्लेबाज रन आउट हुए, जिससे रन गति पर लगातार दबाव बना रहा। अंतिम ओवरों में विकेटकीपर कौशानी नुथ्यंगना 9 रन बनाकर नाबाद रहीं। श्रीलंका को कुल 3 अतिरिक्त रन मिले।
भारत और श्रीलंका महिला टीमों के बीच पहले टी20 मुकाबले में भारत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। 122 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय महिला टीम ने महज 14.4 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 122 रन बना लिए। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने 25 गेंदों पर 25 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि शैफाली वर्मा ने तेज शुरुआत करते हुए 5 गेंदों में 9 रन बनाए।
इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स ने मैच को पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया। जेमिमा ने 44 गेंदों पर नाबाद 69 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 10 चौके शामिल रहे। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी उनका अच्छा साथ निभाते हुए 16 गेंदों में 15 रन बनाए और अंत तक नाबाद रहीं। भारतीय बल्लेबाजों के आक्रामक रवैये के सामने श्रीलंकाई गेंदबाज असरहीन नजर आईं और भारत ने यह मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया।
श्रीलंका महिला (प्लेइंग XI): विश्मी गुणरत्ने, चमारी अथापथ्थु (कप्तान), हसीनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, निलाक्षी डी सिल्वा, कौशानी नुथ्यंगना (विकेटकीपर), कविशा दिलहारी, मल्की मदारा, इनोका रणवीरा, काव्या काविंदी, शशिनी गिम्हानी
भारत महिला (प्लेइंग XI): स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, अरुंधति रेड्डी, वैष्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, श्री चारणी












Click it and Unblock the Notifications